छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में किसका कटेगा पत्ता? कहीं पूर्व महापौर तो कहीं बघेल परिवार के रिश्तेदार!

Chhattisgarh Nikay Chunav: छत्तीसगढ़ के 4 नगर निगम समेत 17 नगरीय निकायों में चुनाव से पहले टिकट की दौड़ तेज हो गई है। भिलाई-चरौदा में भूपेश बघेल के रिश्तेदारों के अलग-अलग पार्टियों से मैदान में उतरने की चर्चा है। जानिए भाजपा-कांग्रेस के संभावित दावेदारों के नाम।

Shalni Kumari
Published on: 20 Nov 2026 11:34 AM IST
Chhattisgarh Municipal Election
X

 Bhupesh Baghel

Chhattisgarh Nikay Chunav: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ है, लेकिन महापौर की कुर्सी को लेकर राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में टिकट पाने के लिए दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि इस बार मुकाबला सिर्फ पुराने चेहरों और नए दावेदारों के बीच नहीं होगा, बल्कि कई जगह नेताओं के परिवार और रिश्तेदार भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। भिलाई-चरौदा में तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के परिवार से जुड़े सदस्य भाजपा और कांग्रेस की ओर से आमने-सामने आ सकते हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं।

चार नगर निगमों में महापौर पद को लेकर बढ़ी दावेदारी

प्रदेश के चार नगर निगमों भिलाई, बीरगांव, रिसाली और भिलाई-चरौदा समेत कुल 17 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें पांच नगर पालिका परिषद और आठ नगर पंचायतें भी शामिल हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा हलचल चारों नगर निगमों में महापौर पद को लेकर दिखाई दे रही है।

भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क साधने के साथ अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। आम आदमी पार्टी और जोहार छत्तीसगढ़ भी इन चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों प्रमुख दल दिसंबर के पहले सप्ताह तक प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा सकते हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग नवंबर के आखिरी सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। तारीखों की घोषणा होते ही संबंधित नगरीय निकायों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।

बीरगांव में पूर्व महापौर की पत्नी से लेकर पुराने चेहरों तक दावेदारी

बीरगांव नगर निगम में कांग्रेस की ओर से निवर्तमान महापौर नंदलाल देवांगन की पत्नी लता देवांगन का नाम चर्चा में है। इनके अलावा लोकेश्वरी साहू और पुष्पलता वैष्णव भी महापौर पद के लिए दावेदार मानी जा रही हैं।

वहीं, भाजपा में पूर्व महापौर अंबिका यदु के साथ सुनीता वर्मा और पदमा चंद्राकर के नामों की चर्चा है। दोनों दलों में टिकट को लेकर अंदरूनी समीकरण साधने की कोशिशें जारी हैं।

भिलाई में विधायकों के नाम चर्चा में, लेकिन दावेदारी की तस्वीर अलग

भिलाई नगर निगम में महापौर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और भाजपा विधायक रिकेश सेन के नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। हालांकि, देवेंद्र यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि न तो वह खुद और न ही उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ेगा।

कांग्रेस की तरफ से पूर्व महापौर नीता लोधी, निवर्तमान महापौर नीरज पाल, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और अतुल साहू के नाम सामने आ रहे हैं। भाजपा में जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष महेश वर्मा और भोजराज सिन्हा टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं।

भिलाई-चरौदा में बघेल परिवार के नाम से रोचक हो सकता है मुकाबला

भिलाई-चरौदा नगर निगम का चुनाव इस बार खास चर्चा में रह सकता है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भतीजे सुजीत बघेल की दावेदारी सामने आ रही है। कांग्रेस में निवर्तमान सभापति कृष्णा चंद्राकर और मोहन साहू भी टिकट के दावेदारों में शामिल हैं।

दूसरी ओर, भाजपा की तरफ से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कृष्णा चंद्राकर और मनीष बंछोर के नामों की चर्चा है। शशिकांत बघेल को सांसद विजय बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी रिश्तेदार बताया जाता है। ऐसे में यदि दोनों प्रमुख दलों से बघेल परिवार से जुड़े सदस्य चुनाव मैदान में उतरते हैं तो भिलाई-चरौदा की सियासी लड़ाई काफी दिलचस्प हो सकती है।

रिसाली में महिला दावेदारों के बीच टिकट की होड़

रिसाली नगर निगम में महापौर का पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में यहां दोनों पार्टियों में महिला दावेदारों के नामों पर चर्चा चल रही है।

कांग्रेस से रामेश्वरी गायकवाड़, रिंकी मांडले और हेमिन चतुर्वेदी के नाम सामने आए हैं। वहीं, भाजपा की ओर से पार्वती कुर्रे, पार्वती ढीढी और चंदेश्वरी बांधे टिकट की दौड़ में बताई जा रही हैं।

इन 17 नगरीय निकायों में होने हैं चुनाव

छत्तीसगढ़ में जिन नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं, उनमें नगर निगम बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली शामिल हैं। इसके अलावा नगरपालिका परिषद जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और खैरागढ़ में भी चुनाव होना है।

नगर पंचायतों में प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम के साथ नवगठित नगर पंचायत तमनार और बड़ी करेली भी शामिल हैं।

कांग्रेस के सामने कब्जा बचाने की चुनौती, भाजपा की भी प्रतिष्ठा दांव पर

इन निकाय चुनावों का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि दुर्ग जिले के भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरौदा और बीरगांव नगर निगमों में फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है। पार्टी के सामने इन निकायों में अपना प्रभाव बनाए रखने की चुनौती होगी।

वहीं, भाजपा के लिए यह चुनाव अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने का मौका है। साल 2021 में जब इन नगर निगमों में चुनाव हुए थे, तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। अब सत्ता की स्थिति बदल चुकी है और राज्य में भाजपा की सरकार है। ऐसे में बदले हुए राजनीतिक माहौल में होने वाले ये चुनाव दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन सकते हैं।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story