TRENDING TAGS :
छत्तीसगढ़ में बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, चालक समेत कई यात्री घायल
Chhattisgarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ में बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में बस चालक समेत कई यात्री घायल हो गए। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे।
social media image
Chhattisgarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार की सुबह एक ट्रक और बस की जोरदार भिड़ंत के बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें बस चालक समेत कई यात्री घायल हो गए। अचानक हुई घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद लोग बचाव कार्य में जुट गए।
40 से 50 यात्री सवार थे बस में
जानकारी के अनुसार, घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। जहां रोज की तरह बस धरमजयगढ़ से करीब 40 से 50 यात्रियों को खरसिया की तरफ लेकर जा रही थी। जैसे ही बस करीब 9 बजे कोयलार के पास पहुंची। इसी दौरान सामने की तरफ से आ रहे ट्रक चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस जोरदार टक्कर में बस चालक समेत कई यात्री घायल हो गए और साथ ही बस भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एंबुलेंस व निजी वाहनों की सहायता से तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कोयलार के पास अक्सर होते हैं सड़क हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयलार के पास इस जगह पर आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे होते रहते हैं। वहीं कई लोगों का कहना है कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से दुर्घटना को लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


