TRENDING TAGS :
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन बरसेंगे बादल, कई जिलों में बारिश का अलर्ट, वज्रपात की भी चेतावनी
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। जानें किन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश के आसार हैं।
Chhattisgarh Weather Alert (Image Credit-Social Media)
Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून (Monsoon) पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ (North Chhattisgarh) के कुछ इलाकों में गरज-चमक (Thunderstorm) के साथ वज्रपात (Lightning) की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में रुक-रुककर होगी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके चलते कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। राजधानी रायपुर (Raipur) समेत कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश के ज्यादा आसार
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज रायपुर (Raipur), दुर्ग (Durg), बिलासपुर (Bilaspur), कोरिया (Korea), कोरबा (Korba), गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (Gaurela-Pendra-Marwahi), जशपुर (Jashpur), रायगढ़ (Raigarh), जांजगीर-चांपा (Janjgir-Champa), मुंगेली (Mungeli), कबीरधाम (Kabirdham), बेमेतरा (Bemetara), राजनांदगांव (Rajnandgaon) और कांकेर (Kanker) समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
इस वजह से बना हुआ है बारिश का सिस्टम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश (Northwest Madhya Pradesh) और उससे लगे क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) अभी भी सक्रिय है। इसके साथ जुड़े चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) और मौसमी द्रोणिका (Monsoon Trough) के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार नमी बनी हुई है। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड (Pendra Road) में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, अगले चार दिनों तक सक्रिय मानसून (Monsoon) के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है।


