TRENDING TAGS :
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में उमस का कहर जारी, मानसून अभी दूर, अगले 5 दिन तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम तेजी से बदल रहा है। उमस और गर्मी के बीच मानसून की एंट्री के संकेत मिले हैं। अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है।
Chhattisgarh Weather
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। जहां एक तरफ प्रदेश के लोग तेज उमस और बढ़ती गर्मी से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर मानसून की एंट्री को लेकर राहत भरी खबर भी सामने आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले 2 से 3 दिनों के भीतर दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने और दस्तक देने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं।
तापमान में बढ़ोतरी से बढ़ी उमस, कई जगह हल्की बारिश
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इस बढ़ोतरी के कारण कई क्षेत्रों में गर्मी के साथ-साथ उमस भी काफी बढ़ गई है, जिससे लोगों को दिन के समय ज्यादा परेशानी हो रही है।
हालांकि, इसी बीच उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मौसम ने करवट ली है। यहां गरज-चमक के साथ तेज हवाएं, आंधी और मध्यम स्तर की बारिश भी दर्ज की गई है। इस बारिश से स्थानीय लोगों को कुछ हद तक राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम का अस्थिर स्वभाव जारी है।
अगले 5 दिनों तक गरज-चमक और तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि राज्य में आने वाले 5 दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तेज रफ्तार हवाएं (गुस्टी विंड) चलने का भी अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह दौर मानसून पूर्व की सक्रियता का संकेत है और आने वाले दिनों में इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है।
प्रशासन ने जारी की सावधानी की सलाह
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। विशेषकर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खुले स्थानों पर काम करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों, पानी वाले क्षेत्रों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
मानसून की एंट्री से मिलेगी राहत
दक्षिण छत्तीसगढ़ में मानसून के प्रवेश के बाद तापमान में तेज गिरावट आने की संभावना है। इससे जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। यह बारिश खेती-किसानी के लिए भी बेहद लाभकारी साबित हो सकती है।


