TRENDING TAGS :
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद को बढ़ावा देने की पहल, सीएम विष्णुदेव साय ने अमित शाह से की मांग
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना की मांग की।
Vishnu Deo Sai
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य के विकास, जनकल्याण और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना की मांग उठाई। बैठक में राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
आयुर्वेद अनुसंधान और चिकित्सा को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को बताया कि नई दिल्ली और Panaji में संचालित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान आयुर्वेद आधारित चिकित्सा, शोध और नवाचार के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। इन संस्थानों ने आधुनिक विज्ञान और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के समन्वय के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। साथ ही यहां बड़ी संख्या में विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सक और शोधकर्ता तैयार किए जा रहे हैं।
औषधीय संपदा से भरपूर है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध प्रदेश है। राज्य का बड़ा हिस्सा वन क्षेत्र से आच्छादित है, जहां दुर्लभ जड़ी-बूटियां और औषधीय पौधे प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान की समृद्ध विरासत भी मौजूद है। ऐसे में यहां AIIA की स्थापना आयुर्वेद चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की स्थापना से प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में अध्ययन, अध्यापन और शोध के अवसर प्राप्त होंगे। इससे आयुर्वेद शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अनुसंधान के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा।
मध्य भारत को भी होगा लाभ
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि AIIA का लाभ केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मध्य भारत के अन्य राज्यों के लोगों को भी उच्चस्तरीय आयुर्वेदिक उपचार और शोध सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 में घोषित तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों में से एक छत्तीसगढ़ को देने का अनुरोध किया।
केंद्र ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


