Chhattisgarh की बेटी ने राष्ट्रमंडल खेल में रचा इतिहास, CM साय ने किया बड़ा सम्मान, 30 लाख और DSP पदोन्नति की घोषणा

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेल में रजत पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और अनुशासन के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Priya Singh Bisen
Published on: 4 Aug 2026 3:56 PM IST (Updated on: 4 Aug 2026 3:57 PM IST)
Chhattisgarh News
X

Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games 2026) में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव (Rajnandgaon) की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव (Gyaneshwari Yadav) का मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। ग्लासगो (Glasgow) में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन (Weightlifting) स्पर्धा में रजत पदक (Silver Medal) जीतने वाली ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) ने उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने और आउट ऑफ टर्न डीएसपी (DSP) पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का सम्मान है।

पहले ही राष्ट्रमंडल खेल में रचा इतिहास

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेल में रजत पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और अनुशासन के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर ज्ञानेश्वरी ने न सिर्फ भारत के लिए पदक जीता, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और आने वाले समय में खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

सीमित संसाधनों के बावजूद हासिल की बड़ी सफलता

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। कठिन परिस्थितियों में भी लगातार अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ज्ञानेश्वरी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत पूरी ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।

30 लाख रुपये और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति का ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार को अपनी इस बेटी पर गर्व है। इसी भावना के साथ राज्य सरकार ने उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के साथ-साथ आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

ग्लासगो रवाना होने से पहले भी दी थीं शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्हें ज्ञानेश्वरी यादव से मिलने का अवसर मिला था। उस समय उन्होंने उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी थीं। राष्ट्रमंडल खेल में रजत पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल (Video Call) के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी थी।

अब मुख्यमंत्री निवास में उनका स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और उत्सव का क्षण है।

खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग, आवश्यक संसाधन और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां प्रदेश का हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सके और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक (Olympics), राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games), एशियाई खेल (Asian Games) और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तिरंगा लहराकर देश और प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ को विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का महत्वपूर्ण आधार है, जो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Priya Singh Bisen
ABOUT THE AUTHOR

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.comPriyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a journalist with over five years of experience in the news and digital media industry. She covers a wide range of topics, including weather, lifestyle, health, politics, and international affairs. In addition to news writing, Priya has experience in news script writing, voice-overs, anchoring, field reporting, and social media management. She holds a Bachelor's degree in Mass Communication and a Master's degree in Advertising and Public Relations. Priya also enjoys writing, traveling, and playing sports, pursuits that reflect her curiosity and passion for exploring new perspectives.

Next Story