TRENDING TAGS :
8 दिन की पूछताछ के बाद जेल पहुंचा महादेव ऐप का प्रमोटर, ED को भी कोर्ट से नहीं मिली राहत
Mahadev App Case : महादेव ऐप केस में सौरभ चंद्राकर को रायपुर कोर्ट ने 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में ED को कोर्ट की तरफ से बड़ा झटका लगा है।
Image Source – Social Media
Mahadev App Case : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रायपुर की विशेष अदालत ने गुरुवार (12 नवंबर) को उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आठ दिन की CBI कस्टडी खत्म होने के बाद सौरभ को अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान CBI ने दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी कोर्ट से झटका लगा है। अदालत ने सौरभ चंद्राकर के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट (NBW) लागू कराने के लिए ED की ओर से दिए गए आवेदन को खारिज कर दिया है।
8 दिन की पूछताछ के बाद जेल भेजा गया सौरभ
सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। आठ दिनों तक चली पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। CBI ने अदालत में दोबारा पुलिस कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया। अदालत ने इस मांग को स्वीकार करते हुए सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। अब वह रायपुर सेंट्रल जेल में रहेगा।
ED की अर्जी कोर्ट ने की खारिज
इस सुनवाई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से भी सौरभ चंद्राकर को लेकर आवेदन दिया गया था। ED ने उसके खिलाफ जारी नॉन-बेलेबल वारंट को लागू कराने की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने एजेंसी के इस आवेदन को खारिज कर दिया। इससे पहले CBI की कस्टडी जारी रहने के दौरान ED ने सौरभ से पूछताछ और गिरफ्तारी वारंट को लागू कराने की अनुमति मांगी थी। उस समय अदालत ने ED के आवेदन को समय से पहले दाखिल माना था। अब ताजा सुनवाई में भी एजेंसी को राहत नहीं मिली है।
CBI ने पूछताछ में किन पहलुओं पर जुटाए सबूत?
सौरभ चंद्राकर से आठ दिनों की पूछताछ के दौरान CBI ने महादेव ऐप के पूरे नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंचती थी और इस नेटवर्क को संचालित करने में किन लोगों की भूमिका थी। CBI का आरोप है कि इस अवैध कारोबार को चलाने के लिए अलग-अलग पैनल और ब्रांच ऑपरेटरों का नेटवर्क तैयार किया गया था।
जांच में कथित तौर पर कुछ सरकारी अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों तक पैसे पहुंचाए जाने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। CBI ने इस संबंध में चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है।
ओमान से भारत लाया गया था सौरभ चंद्राकर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद दिल्ली की अदालत ने CBI को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश करने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी थी।
सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगी रवि उप्पल पर महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के जरिए अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क संचालित करने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क का संचालन विदेशों से किया जाता था और इसके जरिए क्रिकेट, फुटबॉल समेत कई खेलों पर सट्टा लगाया जाता था।
ED इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है, जबकि CBI कथित सट्टेबाजी नेटवर्क और उससे जुड़े आपराधिक लेनदेन की पड़ताल कर रही है। फिलहाल अदालत के आदेश के बाद सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा। अब इस मामले में अगली सुनवाई और जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।


