92 हजार करोड़ का महादेव सट्टा कांड! ED के खुलासे से उड़े होश, विदेश से अब भी चल रहा पूरा खेल

Mahadev Betting App: महादेव सट्टा ऐप से 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित कमाई का खुलासा हुआ है। ED के मुताबिक, दुबई से अब भी सट्टेबाजी के पैनल चल रहे हैं। जानिए सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में क्या सामने आया।

Shalni Kumari
Published on: 15 Nov 2026 10:00 AM IST
ED Investigation
X

 Saurabh Chandrakar

Mahadev Betting App: 92 हजार करोड़ रुपये! यह रकम किसी बड़े कारोबारी साम्राज्य या कंपनी के सालाना टर्नओवर की नहीं, बल्कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से कथित तौर पर हुई अवैध कमाई का अनुमान है। ऑनलाइन सट्टेबाजी के इस नेटवर्क को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अदालत में ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्होंने पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। जांच एजेंसी का दावा है कि महादेव सट्टा ऐप का नेटवर्क अब भी सक्रिय है और इसके जरिए अवैध कमाई तथा मनी लॉन्ड्रिंग का खेल जारी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस नेटवर्क से जुड़ी दूसरी वेबसाइटों से भी हजारों करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान लगाया गया है। ED ने इस मामले के कथित मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए सात दिन की हिरासत मांगी थी। अब अदालत ने उसे 19 नवंबर तक ED की कस्टडी में भेज दिया है।

92 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई का दावा

ED ने रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में दाखिल रिमांड अर्जी में महादेव ऑनलाइन बुक ऐप से जुड़े कथित अवैध कारोबार की कमाई का विस्तृत ब्योरा पेश किया। एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के जरिए करीब 75 हजार से 80 हजार करोड़ रुपये की अवैध कमाई होने का अनुमान है।

इसके अलावा, इस नेटवर्क से जुड़ी वेबसाइट 'स्काईएक्सचेंज डॉट कॉम' के जरिए 11 हजार से 12 हजार करोड़ रुपये और 'लोटस365 डॉट कॉम' से लगभग 2,400 करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान लगाया गया है। इन सभी आंकड़ों को मिलाकर कथित कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।

जांच एजेंसी का कहना है कि यह नेटवर्क केवल एक ऐप तक सीमित नहीं था, बल्कि अलग-अलग वेबसाइटों और सट्टेबाजी पैनलों के जरिए बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ क्यों जरूरी मान रही ED?

महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर को अहम कड़ी माना जा रहा है। ED ने अदालत से उसकी सात दिन की हिरासत मांगी थी। एजेंसी का तर्क था कि उससे पूछताछ करके अवैध कमाई के पूरे नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और अपराध से अर्जित रकम को ठिकाने लगाने के तरीकों का पता लगाया जा सकता है।

ED यह भी जानना चाहती है कि सट्टेबाजी से मिलने वाला पैसा किन लोगों तक पहुंचा, इसका इस्तेमाल कहां किया गया और विदेशों में बैठे नेटवर्क के संचालक किस तरह पूरे कारोबार को नियंत्रित कर रहे थे। अदालत ने चंद्राकर को 19 नवंबर तक जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया।

गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को इसी महीने की शुरुआत में ओमान से भारत वापस लाया गया था। अब ED उससे पूछताछ कर इस कथित सट्टेबाजी साम्राज्य की परतें खोलने में जुटी है।

दुबई से चल रहे थे सट्टेबाजी के दर्जनों पैनल!

ED ने अदालत में पीएमएलए की धारा 50 के तहत दर्ज कुछ आरोपियों के बयानों का भी हवाला दिया। एजेंसी के मुताबिक, सह-आरोपी रजत कुमार सिंह ने अपने बयान में बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप का संचालन अब भी जारी है। उसने कथित तौर पर दुबई से 8 से 10 सट्टेबाजी पैनल चलाने की बात स्वीकार की।

इसी तरह एक अन्य सहयोगी विशाल रमानी ने भी ऐप का कारोबार जारी रहने की जानकारी दी। उसके मुताबिक, वह दुबई से करीब 35 सट्टेबाजी पैनलों का संचालन कर रहा था।

इन बयानों के आधार पर ED का मानना है कि महादेव ऐप का नेटवर्क खत्म नहीं हुआ है, बल्कि विदेशों में बैठे ऑपरेटरों के जरिए अब भी सक्रिय हो सकता है। एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े लोगों, उनके बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

हर महीने 450 करोड़ रुपये की कमाई का आरोप

जांच एजेंसियों के आरोपों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर महादेव बुक ऐप का नेटवर्क खड़ा किया था। इसके जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार पैनल और ब्रांच ऑपरेटरों के माध्यम से चलाया जाता था।

आरोप है कि कोरोना महामारी के दौरान 2020 में लगे लॉकडाउन के बाद इस नेटवर्क ने तेजी से विस्तार किया। एजेंसियों का दावा है कि आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये तक कमा रहे थे।

इस कथित कारोबार को संचालित करने के लिए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सैकड़ों बैंक खाते खुलवाए गए थे। इन खातों का इस्तेमाल सट्टेबाजी से हासिल रकम को इधर से उधर भेजने के लिए किया जाता था। आरोप है कि बैंक खातों का संचालन करने वाले लोगों को इसके बदले कमीशन दिया जाता था।

UAE तक पहुंचता था सट्टेबाजी का पैसा

ED के आरोपों के मुताबिक, सट्टेबाजी से होने वाली कमाई को पैनल ऑपरेटरों के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद यह रकम संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बैठे सौरभ चंद्राकर और नेटवर्क से जुड़े अन्य प्रमोटरों तक पहुंचाई जाती थी।

जांच एजेंसियों का दावा है कि इस कथित अवैध कमाई का इस्तेमाल सिर्फ निजी संपत्ति बनाने में ही नहीं, बल्कि कारोबार के प्रचार-प्रसार पर भी किया जाता था। सट्टेबाजी से जुड़े प्लेटफॉर्म को लोकप्रिय बनाने के लिए विज्ञापनों और बड़े आयोजनों पर भारी रकम खर्च की जाती थी।

CBI के दावों के मुताबिक, हर साल आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रमों में फिल्मी सितारों और दूसरी चर्चित हस्तियों को भी बुलाया जाता था। आरोप है कि इन हस्तियों को कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भुगतान भी कथित अवैध सट्टेबाजी से अर्जित रकम से किया जाता था।

फिलहाल ED की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के जरिए एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित कमाई का पूरा हिसाब कहां है और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अगर जांच में इन आरोपों की पुष्टि होती है, तो महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का मामला देश के सबसे बड़े कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में से एक साबित हो सकता है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story