TRENDING TAGS :
महाराजा अग्रसेन जयंती CM का बड़ा ऐलान! राज्य में अब होगा सार्वजनिक अवकाश, स्कूलों में पढ़ाई जाएगी जीवनी
Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अंबिकापुर में आयोजित अग्रवाल समाज के दो दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन और दशम अलंकरण समारोह ‘अग्र महाकुंभ 2026’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के दौरान की।
Chhattisgarh News
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराजा अग्रसेन जयंती (Maharaja Agrasen Jayanti) को लेकर बड़ी घोषणा की है। अब प्रदेश में महाराजा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday) रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अंबिकापुर में आयोजित अग्रवाल समाज के दो दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन और दशम अलंकरण समारोह ‘अग्र महाकुंभ 2026’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के दौरान की।
पहले था ऐच्छिक अवकाश का प्रावधान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पहले महाराजा अग्रसेन जयंती पर राज्य में केवल ऐच्छिक अवकाश (Optional Holiday) का प्रावधान था। अग्र समाज की मांग को देखते हुए अब इसे सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भगवान अग्रसेन की जीवनी (Biography) को माध्यमिक स्तर के पाठ्यक्रम (School Curriculum) में शामिल करने का प्रस्ताव रखने का आश्वासन भी दिया।
समाज की सेवाओं की मुख्यमंत्री ने की सराहना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल समाज को बेहद परिश्रमी और परोपकारी समाज बताया। उन्होंने कहा कि समाज के लोग अपनी मेहनत से अर्जित धन का इस्तेमाल जनकल्याण में करते हैं। मुख्यमंत्री ने सामूहिक कन्या विवाह, सांझा चूल्हा, धर्मशाला निर्माण, स्वास्थ्य और नेत्र शिविरों जैसे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के कठिन दौर को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय अग्रवाल समाज ने आइसोलेशन केंद्र बनाकर लोगों के इलाज और भोजन की व्यवस्था की तथा निस्वार्थ सेवा की। उन्होंने कहा कि खनन और उद्योग-धंधों के जरिए समाज लाखों लोगों को रोजगार देकर प्रदेश और देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।
जरूरतमंदों की मदद का आह्वान
समारोह में विशिष्ट अतिथि और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने सक्षम परिवारों से जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के कारण कोई भी प्रतिभाशाली व्यक्ति पीछे नहीं छूटना चाहिए। अग्रवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने कहा कि अग्र समाज मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला समाज है।
‘अग्र महाकुंभ 2026’ के उद्घाटन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, महापौर मंजूषा भगत और सरगुजा अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल भी मौजूद रहे।


