खदान में मचा हड़कंप! 2 करोड़ के डंपर में लगी भीषण आग...धू-धू कर जला

SECL Dumper Fire: SECL के दीपका मेगा प्रोजेक्ट में कलिंगा कमर्शियल के करीब 2 करोड़ रुपये के डंपर में भीषण आग लग गई।

Shalni Kumari
Published on: 7 Oct 2026 1:51 PM IST
Deepka Mega Project
X

 SECL Dumper Fire 

SECL Dumper Fire: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (SECL) के दीपका मेगा प्रोजेक्ट (Deepka Mega Project) क्षेत्र में बुधवार को खनन कार्य के दौरान एक डंपर (Dumper) में अचानक भीषण आग (Massive Fire) लग गई। डंपर निजी कंपनी कलिंगा कमर्शियल (Kalinga Commercial) का बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन लपटों में घिर गया। करीब दो करोड़ रुपये कीमत का डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के दौरान डंपर खदान के भीतर परिचालन में था। इसी दौरान उसके इंजन (Engine) से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने स्थिति को भांपते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इसके चलते हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और चालक समेत किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई।

धुआं निकलने के बाद भड़की आग

इंजन से धुआं निकलने के कुछ ही देर बाद डंपर में आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल का सुरक्षा अमला (Safety Team) और दमकल वाहन (Fire Tender) मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था। आग के दौरान वाहन से उठता काला धुआं (Black Smoke) काफी दूर तक दिखाई दिया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद साफ होगा कारण

प्रारंभिक जांच में डंपर में आग लगने के पीछे विद्युत शॉर्ट सर्किट (Electrical Short Circuit) की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

वाहन रखरखाव और फायर सिस्टम पर उठे सवाल

घटना के बाद दीपका मेगा प्रोजेक्ट में इस्तेमाल हो रहे भारी वाहनों (Heavy Vehicles) के रखरखाव और खदान में मौजूद अग्निशमन व्यवस्था (Fire Safety System) को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खास तौर पर वाहनों में लगे अग्निशमन उपकरणों (Fire Fighting Equipment) और फायर सप्रेशन सिस्टम (Fire Suppression System) की स्थिति की जांच की जरूरत बताई जा रही है।

राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ से वह समय रहते डंपर से बाहर निकल गया। हादसे में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story