TRENDING TAGS :
CM Vishnu Deo Sai: दिल्ली दौरे से लौटे सीएम साय, अमित शाह से मुक्त बस्तर और विकास योजनाओं पर चर्चा
CM Vishnu Deo Sai: सीएम विष्णु देव साय ने दिल्ली दौरे में अमित शाह से नक्सल मुक्त बस्तर, स्वास्थ्य अभियान और विकास योजनाओं पर चर्चा की। पेट्रोल-डीजल की अफवाहों पर भी लोगों से संयम बरतने की अपील की।
CM Vishnu Deo Sai(Photo-Social Media)
CM Vishnu Deo Sai: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच नक्सल मुक्त बस्तर, स्वास्थ्य अभियान और राज्य की विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी और प्रदेशवासियों से घबराने के बजाय संयम बरतने की अपील की।
रायपुर लौटने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वह राज्य के गृह मंत्री के साथ एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और नक्सल मुक्त बस्तर के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण बस्तर नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं। जरूरतमंदों का इलाज किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अस्पताल भी भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर क्षेत्र के सभी 36 लाख लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने आगे बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर लोगों के सरकारी दस्तावेज भी बनाए जा रहे हैं। क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर भी केंद्रीय गृह मंत्री से विस्तृत चर्चा हुई।
सीएम साय ने कहा कि इस बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित होगी। इस बैठक में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह इसकी घोषणा पहले ही कर चुके हैं और अब यह बैठक बस्तर में होने जा रही है, जो राज्य के लिए गौरव की बात है। पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सरकार ईंधन की पर्याप्त व्यवस्था कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कभी एक-दो दिन के लिए कोई समस्या आती भी है, तब भी लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी पोस्ट कर कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। राज्य सरकार और ऑयल कंपनियां मिलकर स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने प्रभावी तैयारियां की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से अनावश्यक खरीदारी और ईंधन का संग्रहण न करने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी दिखाने का आग्रह करते हुए कहा कि लोग केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें और किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।


