‘आदतन अपराधी की तरह…’, राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों पर विष्णुदेव साय का पलटवार

Vishnu Deo Sai Slams Rahul: छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोपों पर पलटवार किया। साय ने चुनाव आयोग और SIR को लेकर कांग्रेस के सवालों पर जवाब देते हुए माफी की मांग की।

Newstrack Network
Published on: 28 Sept 2026 11:59 AM IST
Vishnu Deo Sai Slams Rahul
X
Image Source- Social Media

Vishnu Deo Sai Slams Rahul: छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वे देशद्रोही आचरण पर उतारू हो गए हैं और आदतन अपराधी की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने EVM, चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को घिनौना काम बताया और कांग्रेस से इससे बाज आने को कहा।

'चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं तो इस्तीफा दें'

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राहुल गांधी को अपने बयानों के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब तक 100 से ज्यादा चुनाव हार चुकी है और इसी वजह से वह बौखलाई हुई है। साय ने सवाल किया कि अगर राहुल गांधी को चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर इतना ही अविश्वास है तो उन्हें सांसद पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

साय ने कहा कि कांग्रेस जब जनता की अदालत में चुनाव हारती है, तो अपनी हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग की भूमिका और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

चुनाव आयोग के कथित मतभेदों पर भी बोले साय

मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों की चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग में किसी तरह का मतभेद नहीं है। भारतीय निर्वाचन आयोग की दुनिया में अपनी विश्वसनीयता है और आयोग की कार्यप्रणाली की अलग-अलग स्तरों पर सराहना होती रही है।

दरअसल, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर चुनाव आयोग के भीतर कथित असहमति की खबरों के बाद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे।

23 सितंबर को राहुल गांधी ने लगाए थे आरोप

आपको बताते चलें कि 23 सितंबर को राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ को भारतीय लोगों के खिलाफ अपराध और संविधान पर सीधा हमला बताया था। उन्होंने छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी का आरोप लगाया था। वहीं इन आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने कहा कि SIR से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

राहुल गांधी पिछले कुछ समय से मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रहे हैं। 24 सितंबर को भी उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे।

वहीं, चुनाव आयोग ने आयोग के भीतर मतभेद की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि SIR से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। मुख्यमंत्री साय ने राहुल गांधी से अपने बयानों के लिए देश से माफी मांगने की मांग की है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story