बिलासपुर रेलवे जोन का पानी सबसे गंदा! मिला E.Coli बैक्टीरिया, CAG रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

CAG की रिपोर्ट में बिलासपुर जोन के रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आई हैं और SECR का डिफिशिएंसी स्कोर 93.35 रहा।

Sachin Singh
Published on: 19 Aug 2026 4:10 PM IST
बिलासपुर रेलवे जोन का पानी सबसे गंदा! मिला E.Coli बैक्टीरिया, CAG रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
X

Chhattisgarh News: दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन के स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाले पीने के पानी की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की जांच में यहां पानी की गुणवत्ता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आई हैं। देश के 16 रेलवे जोन के 512 चयनित स्टेशनों पर हुई जांच में SECR का प्रदर्शन पेयजल मानकों के मामले में सबसे कमजोर रहा।

CAG की जांच के दौरान कुछ स्टेशनों से लिए गए पानी के नमूनों में E.Coli और टोटल कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए गए। E.Coli की मौजूदगी पानी के सीवेज या मल से दूषित होने का संकेत मानी जाती है। ऐसे पानी के इस्तेमाल से यात्रियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है और डायरिया जैसी बीमारियों के साथ फूड पॉइजनिंग का खतरा भी बढ़ सकता है। जांच में क्लोरीन की मात्रा को लेकर भी गड़बड़ियां मिलीं। कुछ जगहों पर इसका स्तर निर्धारित सीमा से कम था, जबकि कुछ नमूनों में यह तय मानक से अधिक पाया गया।

93.35 का कमी स्कोर

CAG ने रेलवे स्टेशनों की पेयजल व्यवस्था को परखने के लिए अलग-अलग मानकों के आधार पर ‘डिफिशिएंसी स्कोर’ तैयार किया। इस स्कोर में कम संख्या बेहतर व्यवस्था को दिखाती है, जबकि ज्यादा अंक अधिक कमियों का संकेत देते हैं।

पेयजल से जुड़े आकलन में SECR का स्कोर 93.35 रहा, जो सभी 16 रेलवे जोन में सबसे ज्यादा है। इसके चलते बिलासपुर जोन इस श्रेणी में सबसे निचले स्थान पर रहा। इसके मुकाबले दक्षिण मध्य रेलवे का स्कोर 17.53 रहा, जो सबसे कम था।

सिर्फ पानी ही नहीं, दूसरी सुविधाओं पर भी सवाल

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बिलासपुर जोन के कुछ स्टेशनों पर यात्रियों को जरूरी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं। पेयजल के अलावा शौचालय, बैठने की व्यवस्था और प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त छत जैसी सुविधाओं में भी कमियां बताई गई हैं। खास बात यह है कि बिलासपुर जोन रेलवे की कमाई के मामले में देश के प्रमुख जोन में शामिल है।

दिव्यांग यात्रियों के लिए बेहतर तस्वीर

हालांकि रिपोर्ट में SECR के लिए एक राहत वाली बात भी सामने आई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के मामले में इस जोन ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया। इस श्रेणी में इसका डिफिशिएंसी स्कोर 20.97 रहा।

CAG की रिपोर्ट ने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सामने रखी है। खासकर पेयजल की गुणवत्ता से जुड़े आंकड़े यह संकेत देते हैं कि बिलासपुर जोन में यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए तत्काल सुधार की जरूरत है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com
Next Story