TRENDING TAGS :
खून से लथपथ तड़पती रही भारती, गाड़ी में बैठ देखता रहा सांसद का बेटा, दोस्त मांगती रही मदद और फिर तोड़ दिया दम
हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल के पास तेज रफ्तार Aston Martin की चपेट में आने से 26 साल की सेल्स एग्जीक्यूटिव भारती मुखी की मौत हो गई।
Hyderabad Aston Martin Accident: हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल के पास 16 अगस्त को हुए एक सड़क हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तेज रफ्तार Aston Martin ने सड़क पार कर रही 26 साल की महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले में 21 साल के लिंगमनेनी संजुश को आरोपी बनाया है, जो आंध्र प्रदेश के राज्यसभा सांसद और जन सेना पार्टी के नेता लिंगमनेनी रमेश का बेटा बताया जा रहा है।
लंच लेने निकली थी, लेकिन फिर नहीं लौटी
मृतका की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है। वह ओडिशा की रहने वाली बताई जा रही है और इनऑर्बिट मॉल के अंदर लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी।
पुलिस शिकायत के मुताबिक, भारती अपनी सहकर्मी पूजा अशोक के साथ लंच लेने के लिए ITC कोहिनूर की तरफ गई थी। दोनों खाना लेकर वापस मॉल की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान भारती सड़क पार करने लगी और तभी तेज रफ्तार Aston Martin ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भारती के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा।
हादसे के बाद सामने आया चौंकाने वाला वीडियो
हादसे के कुछ दिन बाद इसका एक वीडियो सामने आया, जिसमें घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक महिला, जिसे भारती की सहकर्मी बताया जा रहा है, घायल भारती के पास रोती हुई मदद मांगती नजर आती है।
वहीं कुछ लोग कार चालक को मौके से जाने से रोकते दिखाई देते हैं। वीडियो में आरोपी चालक घायल महिला के पास आता हुआ भी नजर आता है। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने भारती को उसी कार में बैठाया और अस्पताल ले गए। भारती को जुबली हिल्स के अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कार जब्त की, आरोपी को क्यों नहीं किया गिरफ्तार?
हादसे के बाद साइबराबाद पुलिस ने Aston Martin कार को जब्त कर लिया। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर TG-09-G-0666 बताया गया है। माधापुर पुलिस ने लाइफस्टाइल स्टोर के मैनेजर पंजाला अश्विन कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का ड्रग और शराब पीकर गाड़ी चलाने का टेस्ट निगेटिव आया है। हालांकि, उसके खून का सैंपल फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
परिवार की इकलौती कमाने वाली थी भारती
भारती की मौत से उसका परिवार गहरे सदमे में है। उसकी मौसी ने बताया कि भारती परिवार की इकलौती कमाने वाली थी। वह लंच ब्रेक में खाना लेने निकली थी, लेकिन तेज रफ्तार कार ने उसकी जिंदगी छीन ली।


