16 मिनट तक 16 रुपये में कपड़े लूटो! सैकड़ों लोग और सड़क पर जाम, पहुंची पुलिस तो फिर जो हुआ

कानपुर के अनवरगंज में 16 रुपये में कपड़े देने के 16 मिनट वाले ऑफर ने आलम मार्केट में भारी भीड़ जुटा दी।

Sachin Singh
Published on: 17 Aug 2026 3:40 PM IST
16 मिनट तक 16 रुपये में कपड़े लूटो! सैकड़ों लोग और सड़क पर जाम, पहुंची पुलिस तो फिर जो हुआ
X

Kanpur News: कानपुर के अनवरगंज इलाके में एक कपड़ों की दुकान का खास ऑफर शनिवार देर रात अचानक बड़ी भीड़ जुटने की वजह बन गया। आलम मार्केट स्थित दुकान के बाहर सैकड़ों लोग पहुंच गए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑफर में 16 मिनट तक सिर्फ 16 रुपये में कपड़े देने की बात कही गई थी।

ऑफर का समय रात 11:59 बजे से शुरू होना था। जैसे-जैसे समय नजदीक आया, दुकान के आसपास लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। हालात ऐसे हो गए कि सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही तक प्रभावित हो गई और इलाके में जाम लग गया।

रईस आलम को ऑफर पड़ा भारी

जानकारी के मुताबिक, दुकानदार रईस आलम ने 16 अगस्त को अपने जन्मदिन के मौके पर इस ऑफर का प्रचार फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया था। प्रचार के अनुसार, ग्राहक रात 11:59 बजे से शुरू होने वाले 16 मिनट के दौरान सिर्फ 16 रुपये में कपड़े खरीद सकते थे।

यह ऑफर तेजी से लोगों के बीच फैल गया और देर रात बड़ी संख्या में लोग दुकान पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के बाद दुकान बंद कर दी गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी और हंगामे की स्थिति बन गई।

भीड़ हटाने पहुंची पुलिस

सूचना मिलने पर अनवरगंज एसीपी मंजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों से वहां से हटने और रास्ता खाली करने की अपील की। पुलिस के मुताबिक, भीड़ को समझाकर हटाने की कोशिश की गई। इसी दौरान वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।

कई लोग एक-दूसरे से टकराकर गिर गए और कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर बड़ी संख्या में चप्पलें भी बिखरी मिलीं। हालांकि, पुलिस ने लाठीचार्ज या बल प्रयोग की बात से इनकार किया है। एसीपी का कहना है कि भीड़ को समझाकर मौके से हटाया गया।

दुकानदार समेत 3 पर FIR दर्ज

मामले में अनवरगंज थाने में दुकान मालिक रईस आलम समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में से एक को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com
Next Story