महाराष्ट्र में श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो के उड़े परखच्चे, 5 की मौत

Samruddhi Expressway Accident: महाराष्ट्र के अमरावती में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो पिकअप को टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत और 21 घायल हो गए।

Shalni Kumari
Published on: 2 Oct 2026 4:20 PM IST
Maharashtra Road Accident
X

Samruddhi Expressway Accident  

Samruddhi Expressway Accident: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रहे श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पिकअप के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। घायलों में चार से पांच लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर वर्धा जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु बुलढाणा जिले के शेगांव से देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर वर्धा जा रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन समृद्धि एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12:45 बजे धामणगांव रेलवे के पास एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 97 पर हुआ।

बताया गया कि श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो पिकअप को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। इस एक्सीडेंट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में की मदद

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए आगे आए। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालने और राहत कार्य में सहयोग किया। हादसे की सूचना मिलने पर धामणगांव रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

4 से 5 घायलों की हालत बेहद नाजुक

अमरावती ग्रामीण के एसपी निकेतन कदम ने बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई है, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में चार से पांच लोगों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। वहीं, 14 से 15 अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story