'उनकी पसंद, ट्रोल करना बंद करो', कृति सेनन के समर्थन में उतरें राहुल गांधी, कंगना के बयान से घमासान

रक्षाबंधन के एक विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग हुई, जिसके बाद उन्होंने इसका जवाब दिया।

Sachin Singh
Published on: 25 Aug 2026 8:26 PM IST
उनकी पसंद, ट्रोल करना बंद करो, कृति सेनन के समर्थन में उतरें राहुल गांधी, कंगना के बयान से घमासान
X

Rahul Gandhi On Kriti Sanon: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों एक रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना के कारण चर्चा में हैं। विज्ञापन में कृति के कपड़ों को लेकर कुछ लोगों ने सवाल उठाए और उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया।

अब इस विवाद में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी कृति के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि किसी महिला के कपड़े, उसकी जिंदगी और उसकी पसंद को लेकर ऑनलाइन निगरानी नहीं होनी चाहिए।

राहुल गांधी ने कृति सेनन का किया समर्थन

राहुल गांधी ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कृति सेनन का बयान शेयर किया। इसके साथ उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता का समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं को उनकी पसंद के कपड़े पहनने और अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने के लिए ट्रोल करना बंद किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि कोई महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसका निजी फैसला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर महिलाओं को उनकी पसंद के लिए निशाना बनाने की आलोचना की।

कृति सेनन ने भी ट्रोलिंग पर दिया जवाब

विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किसी महिला के पहनावे को उसकी संस्कृति और परंपरा से क्यों जोड़कर देखा जाता है।

कृति ने कहा कि संस्कृति और परंपराएं इंसान के दिल में होती हैं, कपड़ों में नहीं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महिलाओं को यह बताना कब बंद किया जाएगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए।

एक्ट्रेस ने कहा कि समय के साथ एथनिक फैशन में काफी बदलाव आया है, लेकिन जब बात संस्कृति और त्योहारों की आती है तो महिलाओं को आज भी उनके कपड़ों के आधार पर जज किया जाता है।

रक्षाबंधन के विज्ञापन पर क्यों हुआ विवाद?

यह पूरा विवाद एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन के बाद शुरू हुआ। विज्ञापन में कृति सेनन आइवरी रंग के ब्रालेट और स्कर्ट के साथ केप पहने नजर आती हैं। वह अपने भाई को राखी बांधती दिखाई देती हैं।

विज्ञापन में एक पालतू कुत्ता भी नजर आता है। कृति बाद में कुत्ते के पैर पर भी राखी बांधती हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनके कपड़ों को पारंपरिक त्योहार के हिसाब से अनुचित बताया। कुछ लोगों ने कुत्ते को राखी बांधने के सीन पर भी आपत्ति जताई।

इसके बाद विज्ञापन का मुख्य संदेश पीछे छूट गया और सोशल मीडिया पर महिलाओं के कपड़ों, संस्कृति और व्यक्तिगत पसंद को लेकर बहस शुरू हो गई।

कंगना रनौत का हमला

इस विवाद में अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की प्रतिक्रिया भी सामने आई। उन्होंने कृति के विज्ञापन में पहने गए कपड़ों की आलोचना की और इसे लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस तरह एक विज्ञापन को लेकर शुरू हुई बहस अब महिलाओं की पसंद, कपड़ों की स्वतंत्रता और त्योहारों की सांस्कृतिक परंपराओं तक पहुंच गई है।

सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर फिर बहस

राहुल गांधी के कृति के समर्थन में आने के बाद विवाद को राजनीतिक रंग भी मिल गया है। एक तरफ कृति सेनन और राहुल गांधी महिलाओं को उनके कपड़ों और व्यक्तिगत पसंद के लिए ट्रोल किए जाने के खिलाफ खड़े दिखाई दिए हैं, वहीं दूसरी तरफ विज्ञापन को लेकर आलोचना करने वाले लोग इसे त्योहार की गरिमा और पारंपरिक पहनावे से जोड़ रहे हैं।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com
Next Story