तमिलनाडु में परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट रद्द, सीएम विजय का बड़ा ऐलान, 1.30 करोड़ परिवारों को मिलेंगे

तमिलनाडु के सीएम सी. जोसेफ विजय ने विरोध के बीच चेन्नई के पास प्रस्तावित परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रद्द करने का ऐलान किया।

Sachin Singh
Published on: 24 Aug 2026 1:20 PM IST
तमिलनाडु में परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट रद्द, सीएम विजय का बड़ा ऐलान, 1.30 करोड़ परिवारों को मिलेंगे
X

Tamil Nadu CM Vijay: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए चेन्नई के पास प्रस्तावित परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रद्द करने की घोषणा की। यह फैसला लंबे समय से स्थानीय लोगों के विरोध और पर्यावरण से जुड़ी चिंताओं के बीच लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही राज्य के लोगों के लिए मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री विजय ने बजट सत्र के दौरान तमिलनाडु विधानसभा में कहा कि उनकी सरकार ने परंदूर में दूसरा एयरपोर्ट बनाने की प्रस्तावित योजना को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। चेन्नई के बाहरी इलाके में प्रस्तावित इस एयरपोर्ट का उद्देश्य राजधानी चेन्नई में बढ़ते हवाई यातायात के दबाव को कम करना था।

विरोध के बीच परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट पर लगी रोक

परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट की योजना अगस्त 2022 में तत्कालीन डीएमके सरकार ने प्रस्तावित की थी। तमिलनाडु इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (TIDCO) को इस परियोजना की नोडल एजेंसी बनाया गया था। हालांकि, प्रोजेक्ट के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। स्थानीय लोगों की मुख्य चिंता जमीन अधिग्रहण और पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर थी। विरोध धीरे-धीरे बड़ा होता गया और परियोजना राजनीतिक मुद्दा भी बन गई।

विजय की पार्टी ने भी किया था आंदोलन का समर्थन

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) भी परंदूर एयरपोर्ट के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ खड़ी रही थी। अब सत्ता में आने के बाद सरकार ने इस परियोजना को ही रद्द करने का फैसला किया है। विजय सरकार के इस फैसले पर डीएमके ने सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि चेन्नई के लिए दूसरे एयरपोर्ट की जरूरत बेहद महत्वपूर्ण है और केंद्र सरकार की ओर से भी इस परियोजना को मंजूरी दी जा चुकी थी।

डीएमके ने फैसले को बताया राजनीतिक

विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत में डीएमके नेता थंगम थेनारसु ने सरकार के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि चेन्नई के लिए दूसरा एयरपोर्ट बेहद जरूरी है और परंदूर में एयरपोर्ट बनाना सबसे बेहतर ऑप्शन होता।

हर परिवार को मिलेंगे तीन मुफ्त LPG सिलेंडर

एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लेकर घोषणा के अलावा मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में आम लोगों के लिए एक बड़ी कल्याणकारी योजना का भी ऐलान किया। सरकार हर पात्र परिवार को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना से तमिलनाडु के करीब 1.30 करोड़ परिवारों को फायदा मिलेगा। योजना के तहत सिलेंडर की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। यह योजना आगामी जनवरी में पोंगल त्योहार से लागू किए जाने की बात कही गई है। सरकार इस योजना पर हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

किन परिवारों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ?

सरकार के मुताबिक, इस योजना का लाभ मुख्य रूप से कम आय वाले और जरूरतमंद परिवारों को दिया जाएगा। इसमें ऐसे परिवार शामिल होंगे जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम है। इसके अलावा छोटे और सीमांत किसान परिवार, दिव्यांग परिवार और समाज के अन्य कमजोर वर्ग भी इस योजना के दायरे में आएंगे। सरकार का दावा है कि इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू खर्च को कम करने में मदद मिलेगी।

महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का दायरा बढ़ा

मुख्यमंत्री विजय ने महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा देने वाली वेट्री पयानम योजना के विस्तार की भी घोषणा की। अब महिलाओं को महानगरीय और शहरी इलाकों में चलने वाली सरकारी Express, LSS और Deluxe बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में चलने वाली साधारण सरकारी बसों में भी महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

गांधी जयंती से लागू होगी नई सुविधा

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुफ्त बस यात्रा के विस्तार की सुविधा इस साल गांधी जयंती से लागू होगी। खास बात यह है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं के लिए किसी तरह की आय सीमा तय नहीं की गई है। इसके अलावा मुफ्त यात्रा के लिए यात्राओं की संख्या पर भी कोई सीमा नहीं होगी। यानी पात्र महिलाएं जरूरत के मुताबिक कितनी भी बार सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

ट्रांसजेंडर समुदाय को भी मिलेगा लाभ

सरकार ने मुफ्त बस यात्रा की सुविधा को और ज्यादा समावेशी बनाते हुए ट्रांसजेंडर लोगों को भी इसके दायरे में शामिल किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, ट्रांसजेंडर यात्री भी इस योजना के तहत मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com
Next Story