TRENDING TAGS :
CBSE Re Evaluation: सीबीएसई का बड़ा फैसला, साइबर हमले के बाद बंद हुआ OnMark पोर्टल, जानें री-इवैल्यूएशन का नया तरीका
CBSE Re Evaluation: सीबीएसई ने कक्षा 12वीं की री-इवैल्युएशन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए OnMark पोर्टल बंद कर दिया है। अब आवेदन बोर्ड की वेबसाइट पर होंगे।
CBSE Re Evaluation
CBSE Re Evaluation: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्युएशन) को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने कोएम्प्ट एडु टेक के OnMark प्लेटफॉर्म का उपयोग बंद करने का निर्णय लिया है। अब छात्रों को री-इवैल्युएशन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया के लिए किसी बाहरी पोर्टल का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। यह व्यवस्था सीधे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
सुरक्षा कारणों से लिया गया निर्णय (CBSE Re Evaluation)
CBSE अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हाल के समय में उत्तर पुस्तिकाओं से जुड़े विवाद और साइबर सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बाद बोर्ड ने समीक्षा की थी। इसके बाद तय किया गया कि पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया को पूरी तरह बोर्ड के नियंत्रण वाले सिस्टम में ही संचालित किया जाए, ताकि छात्रों के डाटा और परीक्षा संबंधी सूचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बोर्ड का कहना है कि अब छात्र और परीक्षा से जुड़ा पूरा डाटा सीबीएसई के नियंत्रित ढांचे में सुरक्षित रहेगा। इससे किसी भी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या की संभावना कम होगी और पूरी प्रक्रिया पर बोर्ड की सीधी निगरानी बनी रहेगी।
अगले सप्ताह से शुरू हो सकती है प्रक्रिया (CBSE Latest News)
CBSE ने जानकारी दी है कि कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। हालांकि इस बार छात्र OnMark पोर्टल पर आवेदन नहीं कर सकेंगे। उन्हें री-इवैल्युएशन से जुड़ी सभी सेवाएं और आवेदन प्रक्रिया सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर ही उपलब्ध होगी। बोर्ड का दावा है कि नया सिस्टम छात्रों के लिए सरल, सुविधाजनक और पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित होगा। इससे आवेदन प्रक्रिया को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
क्या है OnMark डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली (CBSE Cyber Security)
गौरतलब है कि इस वर्ष सीबीएसई ने कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए कोएम्प्ट एडु टेक के OnMark डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया था। बोर्ड ने इसी सिस्टम के माध्यम से परिणाम घोषित होने से पहले करीब एक करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराई थी।
OnMark एक डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली है, जिसके जरिए परीक्षकों को ऑनलाइन उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाती हैं और मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज तथा व्यवस्थित बनाया जाता है। हालांकि उत्तर पुस्तिकाओं से जुड़े विवादों और साइबर हमले की घटनाओं के बाद सीबीएसई ने इस प्लेटफॉर्म का उपयोग आगे नहीं करने का फैसला लिया है।


