TRENDING TAGS :
Charu Pandey Success Story: 23 साल की बेटी ने रचा इतिहास, 19 सरकारी परीक्षाएं पास; अब राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
Charu Pandey Success Story: छत्तीसगढ़ की चारु पांडेय ने 23 साल की उम्र में 19 सरकारी परीक्षाएं पास कर रिकॉर्ड बनाया। अब उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी।
Chhattisgarh Charu Pandey Success Story 2026
Charu Pandey Success Story: शिक्षा के क्षेत्र में अक्सर ऐसे उदाहरण सामने आते हैं जब अपनी कम उम्र को पछाड़ कर मेधावी ऊंचे से ऊंचे दर्जे की डिग्री अपने नाम कर लेते हैं। ऐसा ही एक कारनामा छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय चारु पांडेय कर दिखाया है, जिसका सपना लाखों युवा देखते हैं। महज 23 साल की उम्र में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की 19 प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। उनकी इसी असाधारण उपलब्धि के लिए आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जाएगा। चारु की सफलता की कहानी आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।
छोटे शहर की बेटी ने बनाया बड़ा मुकाम
राजधानी रायपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित तिल्दा की रहने वाली चारु पांडेय एक सामान्य परिवार से आती हैं। उनके पिता प्रवीण कुमार पांडेय शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता सुधा पांडेय गृहिणी हैं। पारिवारिक मूल्यों और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल ने चारु को बचपन से ही आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा तिल्दा के एक निजी विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद दुर्ग स्थित हेमचंद महाविद्यालय से गणित विषय में बीएससी की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी और लगातार मेहनत के दम पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छूती चली गईं।
19 प्रतिष्ठित परीक्षाओं में हासिल की सफलता
खासतौर से आज के दौर में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी इस वास्तविकता से भलीभाती परिचित हैं कि एक बड़ी प्रतियोगी परीक्षा पास करना भी कितना चुनौतीपूर्ण होता है। लेकिन चारु पांडेय ने एक-दो नहीं, बल्कि कुल 19 प्रमुख सरकारी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
उनके द्वारा उत्तीर्ण की गई परीक्षाओं में SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS, SSC GD, SSC CPO, IBPS PO, SBI भर्ती परीक्षा, दिल्ली पुलिस भर्ती, छत्तीसगढ़ सब-इंस्पेक्टर, ट्रांसपोर्ट सब-इंस्पेक्टर तथा CG NHM सहित कई अन्य प्रतिष्ठित परीक्षाएं शामिल हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इन परीक्षाओं में सफलता के लिए अलग-अलग विषयों, पैटर्न और चयन प्रक्रिया की समझ जरूरी होती है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में परीक्षाएं पास करना असाधारण उपलब्धि माना जाता है।
वर्तमान में CAG चेन्नई में हैं असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर
लगातार सफलताओं के बाद भी चारु ने अपने लक्ष्य और अनुशासन को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। वर्तमान में वे भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के चेन्नई कार्यालय में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने मई 2025 में इस पद पर अपनी सेवाएं शुरू की थीं। यह पद केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक माना जाता है। जहां वित्तीय लेखा-परीक्षण और सरकारी कार्यों की निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभाए जाते हैं।
स्मार्ट स्टडी और आत्मविश्लेषण हैं इनकी सफलता का राज
चारु पांडेय का मानना है कि केवल लंबे समय तक किताबों के सामने बैठना सफलता की गारंटी नहीं है। उनके अनुसार सही रणनीति और नियमित अभ्यास ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की कुंजी है। वे छात्रों को सलाह देती हैं कि हर विषय के लिए अलग रणनीति बनाएं, नियमित रूप से मॉक टेस्ट दें और अपनी गलतियों का ईमानदारी से विश्लेषण करें। उनका कहना है कि कमजोरियों को पहचानकर उन पर काम करने वाला विद्यार्थी ही लंबे समय में बेहतर परिणाम हासिल करता है। चारु के अनुसार, स्मार्ट स्टडी, निरंतरता और आत्मविश्वास किसी भी बड़ी परीक्षा को जीतने के सबसे प्रभावी हथियार हैं।
देश की बेटियों के लिए प्रेरणा बन कर उभरी हैं चारु पांडेय
चारु पांडेय की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि वह देश की उन हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है जो छोटे शहरों और कस्बों में रहकर बड़े सपने देखती हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सफलता का संबंध केवल बड़े शहरों, महंगे कोचिंग संस्थानों या विशेष सुविधाओं से नहीं होता, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सही दिशा और लगातार मेहनत से भी असंभव लगने वाले लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।


