TRENDING TAGS :
CSIR UGC NET उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी! आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी, जानें कब होगी परीक्षा और कितनी लगेगी फीस
CSIR UGC NET December 2026: पहले आवेदन की अंतिम तारीख 5 नवंबर थी। ऐसे में जो उम्मीदवार किसी वजह से फॉर्म नहीं भर पाए थे, उनके पास आवेदन करने का एक और मौका है।
CSIR UGC NET December 2026: संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट दिसंबर 2026 (Joint CSIR UGC NET) परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) ने ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 9 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
पहले आवेदन की अंतिम तारीख 5 नवंबर थी। ऐसे में जो उम्मीदवार किसी वजह से फॉर्म नहीं भर पाए थे, उनके पास आवेदन करने का एक और मौका है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
बिना लेट फीस कब तक कर सकेंगे आवेदन?
एनटीए (NTA) की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, उम्मीदवार 9 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 50 मिनट तक आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि बढ़ाई गई तारीख तक फॉर्म भरने पर कोई अतिरिक्त लेट फीस (Late Fee) नहीं देनी होगी। उम्मीदवार निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करके प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
कितनी देनी होगी आवेदन फीस?
सीएसआईआर यूजीसी नेट (CSIR UGC NET) परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 1,150 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के नॉन-क्रीमी लेयर उम्मीदवारों के लिए फीस 600 रुपये निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और थर्ड जेंडर श्रेणी के अभ्यर्थियों को 325 रुपये जमा करने होंगे।
कब होगी दिसंबर 2026 की परीक्षा?
एनटीए के मुताबिक, सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा (CSIR UGC NET Exam Date) का आयोजन 19, 22 और 27 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (Computer Based Test) मोड में होगी और दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
इन 5 विषयों में होगी परीक्षा
परीक्षा में रासायनिक विज्ञान, पृथ्वी, वायुमंडलीय, महासागरीय एवं ग्रहीय विज्ञान, जीवन विज्ञान एवं जैव-प्रौद्योगिकी, गणितीय विज्ञान और भौतिक विज्ञान शामिल हैं।
इस बार दिसंबर 2026 सत्र से जीवन विज्ञान और जैव-प्रौद्योगिकी (Life Sciences and Biotechnology) को एकीकृत विषय बनाया गया है। दोनों क्षेत्रों के उम्मीदवार अब एक ही विषय के तहत परीक्षा दे सकेंगे।
कैसे भरें ऑनलाइन आवेदन फॉर्म?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाएं। इसके बाद होमपेज पर संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट दिसंबर 2026 रजिस्ट्रेशन (Registration) लिंक खोलें।अब न्यू रजिस्ट्रेशन (New Registration) पर क्लिक करके जरूरी जानकारी भरें। रजिस्ट्रेशन के बाद मिले एप्लिकेशन नंबर से लॉगिन करें और व्यक्तिगत व शैक्षणिक विवरण दर्ज करें।
इसके बाद निर्धारित फॉर्मेट में फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट करें। अंत में आवेदन का प्रिंटआउट डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।


