TRENDING TAGS :
DU Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय में UG दाखिले के लिए CSAS-UG रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज
DU Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय में UG दाखिले के लिए CSAS-UG 2026 रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। जानें आवेदन प्रक्रिया, फीस, जरूरी दस्तावेज और पूरी जानकारी।
DU Admission 2026
DU Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS-UG 2026) के पहले चरण की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 26 जून से शुरू हो गई है। जिन अभ्यर्थियों ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) में सफलता प्राप्त की है, वे अब विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय के 70 से अधिक कॉलेजों और करीब 70 स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अपनी पसंद दर्ज कर सकेंगे। दाखिला पूरी तरह CSAS पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
ऐसे करें CSAS-UG 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर जाएं। वहां CSAS-UG 2026 के लिंक पर क्लिक करें और अपने CUET आवेदन विवरण या रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से लॉग इन करें।
इसके बाद आवश्यक व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें। सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन करें। आवेदन पत्र की पूरी जानकारी एक बार अच्छी तरह जांच लें और फिर फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य की जरूरत के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट या पीडीएफ अपने पास सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
कितनी है आवेदन शुल्क?
CSAS-UG के पहले चरण में आवेदन करने वाले छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा।
सामान्य (General), ओबीसी-एनसीएल (OBC-NCL) और ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है।
वहीं एससी (SC), एसटी (ST) और दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये शुल्क तय किया गया है।
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज होंगे जरूरी?
ऑनलाइन आवेदन करते समय उम्मीदवारों को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार रखने होंगे। इनमें CUET-UG आवेदन विवरण, CUET स्कोर कार्ड या मार्कशीट, पहचान पत्र, कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट एवं प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, स्कैन किए हुए हस्ताक्षर तथा आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए वैध जाति प्रमाण-पत्र शामिल हैं।
समय रहते पूरा करें आवेदन
दिल्ली विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्याएं आ सकती हैं।
बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय का नया शैक्षणिक सत्र 21 जुलाई 2026 से शुरू होने की संभावना है। ऐसे में जिन छात्रों ने CUET-UG परीक्षा पास की है, उन्हें समय पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन करना चाहिए, ताकि प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।


