TRENDING TAGS :
Exam Dates Changed: बकरीद की तारीख बदलने से बिगड़ा परीक्षाओं का शेड्यूल, CUET UG समेत कई बड़े एग्जाम टले, जानें नई तारीखें
Exam Dates Changed: बकरीद की तारीख बदलकर 28 मई होने से CUET UG समेत कई परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। यूनिवर्सिटी और बोर्ड ने नया शेड्यूल जारी किया है।
Exam Dates Changed
Exam Dates Changed: ईद-उल-अजहा (बकरीद) के चांद के दीदार के साथ ही इस बार त्योहार की तारीखों में हुए बदलाव का सीधा असर देश की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं पर पड़ा है। पहले सरकारी कैलेंडर के अनुसार बकरीद की छुट्टी 27 मई को निर्धारित की गई थी, लेकिन चांद दिखने के बाद अब यह त्योहार 28 मई (गुरुवार) को मनाया जा रहा है। तारीख बदलते ही सरकारों ने सरकारी छुट्टी 27 की जगह 28 मई को घोषित कर दी। इस एक दिन के फेरबदल के कारण देश की बड़ी राष्ट्रीय परीक्षाओं से लेकर प्रांतीय यूनिवर्सिटी तक के परीक्षा शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गए हैं। कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं को आनन-फानन में स्थगित करना पड़ा है।
CUET UG 2026: एनटीए ने टालीं दोनों शिफ्ट की परीक्षाएं
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जा रही देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक, 'कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट' (CUET UG) पर इसका सबसे बड़ा असर पड़ा है। एनटीए ने बकरीद के त्योहार और सार्वजनिक अवकाश को ध्यान में रखते हुए 28 मई को होने वाली दोनों शिफ्ट की परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला किया है। एजेंसी ने नोटिस जारी कर छात्रों से परेशान न होने की अपील की है। एनटीए का कहना है कि इन परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान बेहद जल्द किया जाएगा और उम्मीदवारों के लिए नए एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे लगातार ऑफिशियल पोर्टल चेक करते रहें।
गुजरात यूनिवर्सिटी: 40 से अधिक परीक्षाएं स्थगित
त्योहार की तारीख बदलने का व्यापक असर गुजरात में भी देखने को मिला। गुजरात यूनिवर्सिटी (Gujarat University Exams Postponed) ने पहले राज्य सरकार की 27 मई की छुट्टी के हिसाब से अपना पूरा परीक्षा कार्यक्रम तय किया था। लेकिन जैसे ही छुट्टी संशोधित होकर 28 मई हुई, यूनिवर्सिटी प्रशासन को बड़ा फैसला लेना पड़ा। यूनिवर्सिटी ने 28 मई को होने वाली 40 से ज्यादा अलग-अलग विषयों की परीक्षाओं को तुरंत प्रभाव से टाल दिया। हालांकि, छात्रों की सहूलियत के लिए यूनिवर्सिटी ने प्रभावित हुई सभी परीक्षाओं का नया और संशोधित टाइमटेबल भी जारी कर दिया है, ताकि शैक्षणिक सत्र में ज्यादा देरी न हो।
तेलंगाना इंटर बोर्ड: पर्यावरण शिक्षा परीक्षा अब 29 मई को
दक्षिण भारत के राज्यों में भी परीक्षाओं के टाइमटेबल बदले गए हैं। तेलंगाना इंटरमीडिएट शिक्षा बोर्ड ने 28 मई को आयोजित होने वाली 'पर्यावरण शिक्षा' (Environment Education) की परीक्षा को आगे बढ़ा दिया है। अब यह परीक्षा 29 मई को आयोजित की जाएगी। राहत की बात यह है कि परीक्षा के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है; यह पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही संचालित होगी।
दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा विवाद, लॉ स्टूडेंट ने दायर की याचिका
एक तरफ जहां कई बोर्ड और एजेंसियों ने परीक्षाएं टाल दी हैं, वहीं दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) द्वारा 28 मई को परीक्षा आयोजित कराने के फैसले पर बड़ा कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। डीयू के एक लॉ छात्र ने इस फैसले के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
याचिका में तर्क दिया गया है कि जब केंद्र सरकार ने 28 मई को बकरीद की आधिकारिक छुट्टी घोषित कर रखी है, तो ऐसे में यूनिवर्सिटी द्वारा उसी दिन परीक्षा आयोजित कराना पूरी तरह गलत है। छात्र का कहना है कि त्योहार के दिन परीक्षा होने से मुस्लिम समुदाय के छात्र अपने धार्मिक उत्सव में शामिल नहीं हो पाएंगे, जो सीधे तौर पर उनके मौलिक अधिकारों का हनन है। इस याचिका में संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार), 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता), 25 (धार्मिक स्वतंत्रता) और 29 (अल्पसंख्यकों के हितों का संरक्षण) का हवाला देते हुए परीक्षा की तारीख बदलने की मांग की गई है।


