TRENDING TAGS :
Indian Navy Jobs: इंडियन नेवी ने निकाली 15 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
Indian Navy Jobs: भारतीय नौसेना ने एसएससी आईटी ऑफिसर के 15 पदों पर भर्ती निकाली है। इच्छुक उम्मीदवार 1 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
Indian Navy SSC IT Recruitment
Indian Navy Jobs: भारतीय नौसेना में नौकरी करना देश के लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी रक्षा क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं और तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखते हैं, तो आपके लिए शानदार अवसर सामने आया है। इंडियन नेवी ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शाखा में शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) अधिकारी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए निकाली गई है।
15 पदों पर होगी भर्ती (Navy Jobs Vacancy)
भारतीय नौसेना की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, एसएससी एग्जीक्यूटिव ब्रांच (SSC Executive Branch Jobs) के तहत कुल 15 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को जनवरी 2027 से शुरू होने वाले विशेष नौसेना ओरिएंटेशन कोर्स के लिए भारतीय नौसेना अकादमी (INA), एझिमाला, केरल में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया शुरू ( Indian Navy SSC IT Recruitment)
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 मई से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 1 जून तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए (Indian Navy SSC IT Qualification)
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास कक्षा 10वीं या 12वीं में अंग्रेजी विषय में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थियों के पास कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नेटवर्किंग या संबंधित विषयों में बीई, बीटेक, एमटेक, एमएससी या एमसीए जैसी डिग्री होनी चाहिए। बीसीए या बीएससी (कंप्यूटर साइंस/आईटी) के साथ एमसीए करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र हैं। संबंधित डिग्री में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी रखे गए हैं।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया (Navy SSC Officer Age)
उम्मीदवारों का जन्म 1 जनवरी 2002 से 1 जुलाई 2007 के बीच होना चाहिए। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और मेरिट सूची के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
शुरुआती सैलरी और सुविधाएं (Indian Navy SSC IT Sallary)
चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती स्तर पर 56,100 रुपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें सेना से जुड़े अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी। इंडियन नेवी में नौकरी न सिर्फ सम्मानजनक करियर देती है, बल्कि इसमें बेहतर वेतन, प्रशिक्षण और भविष्य की सुरक्षा भी मिलती है।
आवेदन से पहले अधिसूचना जरूर पढ़ें
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से जुड़ी आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ लें। इसमें योग्यता, चयन प्रक्रिया, मेडिकल मानक और अन्य जरूरी निर्देश विस्तार से दिए गए हैं।


