JEE Advanced 2026 Topper: जेईई एडवांस्ड में शुभम कुमार ने किया टॉप, आरोही देशपांडे रहीं गर्ल्स टॉपर

JEE Advanced 2026 Topper: जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है। शुभम कुमार ने AIR-1 हासिल की, जबकि आरोही देशपांडे लड़कियों में देशभर में टॉपर रहीं।

Akriti Pandey
Published on: 1 Jun 2026 10:56 AM IST
JEE Advanced 2026 Topper
X

JEE Advanced 2026 Topper

JEE Advanced 2026 Topper: देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट आखिरकार घोषित कर दिया गया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) रुड़की ने 1 जून को परीक्षा के नतीजे जारी किए। परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही संस्थान ने फाइनल आंसर की भी जारी कर दी है।

शुभम कुमार ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1

इस साल जेईई एडवांस्ड परीक्षा (JEE Advanced Topper) में आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल की है। शुभम ने कुल 360 अंकों में से 330 अंक प्राप्त किए और देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें देश के सबसे मेधावी छात्रों की सूची में शीर्ष पर पहुंचा दिया है।

लड़कियों में आरोही देशपांडे ने मारी बाजी

जेईई एडवांस्ड 2026 में लड़कियों के वर्ग में दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। आरोही ने परीक्षा में 360 में से 280 अंक प्राप्त किए और उनकी कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 77वीं रैंक रही। खास बात यह है कि आरोही ने इससे पहले जेईई मेन 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 99 हासिल की थी। लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण वह इस साल की सबसे चर्चित उम्मीदवारों में शामिल हो गई हैं।

56 हजार से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा की क्वालीफाई

आईआईटी रुड़की द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए कुल 1,87,389 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा परिणाम में कुल 56,880 छात्रों ने सफलता हासिल की है। सफल उम्मीदवारों में 46,773 पुरुष और 10,107 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में छात्रों ने आईआईटी में प्रवेश के लिए क्वालीफाई किया है।

स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर की ऐसे करें डाउनलोड

जेईई एडवांस्ड 2026 का स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर की आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपने लॉगिन विवरण दर्ज करके परिणाम देख सकते हैं। वहीं फाइनल उत्तर कुंजी भी डाउनलोड की जा सकती है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे भविष्य की काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया के लिए अपना स्कोरकार्ड सुरक्षित रख लें।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story