NCERT Registration 2026: एनसीईआरटी कॉमन एंट्रेंस एग्जाम के रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें कैसे करें अप्लाई

NCERT Registration 2026: NCERT ने CEE 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र 5 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, परीक्षा 28 जून को होगी।

Akriti Pandey
Published on: 29 May 2026 11:31 AM IST (Updated on: 29 May 2026 11:40 AM IST)
NCERT Registration 2026
X

NCERT Registration 2026

NCERT Registration 2026: नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट शिक्षा कार्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अब NCERT की आधिकारिक वेबसाइट cee.ncert.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

NCERT द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जून 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, प्रवेश परीक्षा का आयोजन 28 जून 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में किया जाएगा। ऐसे में जो छात्र शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

किन कोर्सेज में मिलेगा एडमिशन? (NCERT Admission 2026)

NCERT CEE 2026 के जरिए कई प्रमुख शिक्षा कार्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें बीएड (BEd), एमएड (MEd), इंटीग्रेटेड MScEd, इंटीग्रेटेड BEd-MEd और MA in Education Technology जैसे कोर्स शामिल हैं। इन कोर्सेज के जरिए छात्र शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। खासतौर पर शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह परीक्षा काफी अहम मानी जाती है।

आवेदन करते समय रखें ये दस्तावेज तैयार (NCERT Registration 2026)

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए उम्मीदवारों को पहले से कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है। आवेदन के दौरान छात्रों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्कैन की गई पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। यदि सभी दस्तावेज पहले से तैयार रहेंगे, तो आवेदन प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी की जा सकेगी।

क्या हैं पात्रता मानदंड? (NCERT CEE 2026)

NCERT CEE 2026 के लिए पात्रता मानदंड अलग-अलग कोर्स के अनुसार तय किए गए हैं। इंटीग्रेटेड MScEd कोर्स के लिए आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग के छात्रों को कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग (PwD) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा, वे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने 2024 या 2025 में 12वीं की परीक्षा पास की है। वहीं, 3 वर्षीय इंटीग्रेटेड BEd-MEd कोर्स के लिए उम्मीदवारों के पास साइंस, सोशल साइंस या ह्यूमैनिटीज विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्टग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है।

कैसे होगा चयन? (NCERT Selection Process)

NCERT ने चयन प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट जानकारी दी है। उम्मीदवारों का चयन केवल प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर नहीं होगा, बल्कि उनके शैक्षणिक प्रदर्शन को भी महत्व दिया जाएगा। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, फाइनल चयन में NCERT CEE 2026 स्कोर को 60 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा, जबकि बाकी 40 प्रतिशत वेटेज उम्मीदवारों के अकादमिक रिकॉर्ड के आधार पर तय किया जाएगा।

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

जो उम्मीदवार NCERT CEE 2026 में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करने की सलाह दी गई है। आवेदन के दौरान सभी जानकारियां सही तरीके से भरना बेहद जरूरी है, क्योंकि गलत जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द भी किया जा सकता है।

Akriti Pandey

Akriti Pandey

Content Writer Mail ID - akritipandey7897@gmail.com

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story