TRENDING TAGS :
NCERT की 9वीं सोशल साइंस की नई किताब में बड़े बदलाव, इमरजेंसी से लेकर SIR और वेदों तक कई नए विषय शामिल
NCERT Class 9 Syllabus: NCERT की 9वीं सोशल साइंस की नई किताब में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। इमरजेंसी, SIR, वेद और महिला आरक्षण जैसे नए विषय शामिल किए गए हैं।
NCERT Class 9 Syllabus
NCERT Class 9 Syllabus: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा 9 की सोशल साइंस की नई पाठ्यपुस्तक 'अंडरस्टैंडिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड' जारी की है। इस नई किताब में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कुछ नए अध्याय जोड़े गए हैं, जबकि पहले से मौजूद कुछ विषयों को संक्षिप्त या हटाया गया है। इन बदलावों का उद्देश्य छात्रों को समकालीन और भारतीय संदर्भों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना बताया गया है।
संविधान की प्रस्तावना की व्याख्या अब सीमित
नई किताब में संविधान की प्रस्तावना (Preamble) को पहले की तरह शामिल किया गया है, लेकिन उससे जुड़ी विस्तृत व्याख्या को हटा दिया गया है। पहले छात्रों को प्रस्तावना में शामिल प्रमुख शब्दों जैसे सॉवरेन (Sovereign), सोशलिस्ट (Socialist), सेक्युलर (Secular), डेमोक्रेटिक (Democratic), लिबर्टी (Liberty), इक्वालिटी (Equality) और फ्रेटरनिटी (Fraternity) का विस्तार से अर्थ समझाया जाता था। नई पुस्तक में इन शब्दों की विस्तृत व्याख्या अब नहीं दी गई है।
SIR प्रक्रिया को भी किया गया शामिल
नई सोशल साइंस की किताब में पहली बार स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को भी जगह दी गई है। इसमें बताया गया है कि निर्वाचन आयोग समय-समय पर मतदाता सूची की समीक्षा करता है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल न हों। पुस्तक के अनुसार, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं, जबकि मृत्यु, निवास परिवर्तन, दोहरी प्रविष्टि या अन्य त्रुटियों के मामलों में नाम हटाए जाते हैं। अंतिम मतदाता सूची जारी करने से पहले नागरिकों से दावे और आपत्तियां भी आमंत्रित की जाती हैं।
वेद और भारतीय ज्ञान परंपरा पर विशेष फोकस
नई किताब में भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा को भी प्रमुखता दी गई है। इसमें ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद का परिचय शामिल किया गया है। पुस्तक में बताया गया है कि वेद भारतीय सभ्यता की महत्वपूर्ण धरोहर हैं और इनके माध्यम से धर्म, दर्शन, शिक्षा, संगीत, समाज तथा जीवन मूल्यों की जानकारी मिलती है। साथ ही इन्हें भारतीय ज्ञान परंपरा के सबसे प्राचीन ग्रंथों में से एक बताया गया है।
महिला आरक्षण पर नया अध्याय
किताब में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और महिला आरक्षण पर भी एक नया अध्याय जोड़ा गया है। इसमें बताया गया है कि मतदान में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है, लेकिन राजनीति में उनका प्रतिनिधित्व अभी भी कम ही है। अध्याय में पंचायतों और स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी के उदाहरण दिए गए हैं और यह समझाया गया है कि शासन और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की अधिक भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
इमरजेंसी पर भी जोड़ा गया नया अध्याय
NCERT की नई पुस्तक में देश में लागू आपातकाल (इमरजेंसी) से जुड़ा एक नया अध्याय भी शामिल किया गया है। इसके माध्यम से छात्रों को भारतीय लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण दौर और उससे जुड़े राजनीतिक एवं संवैधानिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। कुल मिलाकर नई किताब में भारतीय इतिहास, लोकतंत्र, संस्कृति और समकालीन विषयों को नए दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।


