NEET 2026 Exam Cancelled: नीट परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले की जांच करेगी CBI

NEET 2026 Exam Cancelled: नीट परीक्षा पेपर लीक की आशंका के बाद रद्द कर दी गई है। अब करीब 10 लाख छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी पड़ सकती है।

Akriti Pandey
Published on: 12 May 2026 12:29 PM IST (Updated on: 12 May 2026 1:33 PM IST)
NEET 2026 Exam Cancelled
X

NEET 2026 Exam Cancelled

NEET 2026 Exam Cancelled: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG) 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) ने पेपर लीक मामले के बाद परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की है। यह परीक्षा 3 मई 2026 को देशभर में आयोजित की गई थी, जिसमें 22 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे। अब इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी गई है। साथ ही, NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

राजस्थान से शुरू हुआ पेपर लीक का मामला

NEET UG 2026 पेपर लीक का मामला सबसे पहले राजस्थान के सीकर से सामने आया था। शुरुआती जांच राजस्थान पुलिस की SOG टीम कर रही थी। शुरुआत में SOG ने दावा किया था कि पेपर लीक नहीं हुआ है, लेकिन बाद में जांच में कई अहम खुलासे हुए। जांच में सामने आया कि परीक्षा से पहले एक “गेस पेपर” वायरल हुआ था, जिसमें से कई सवाल असली परीक्षा में हूबहू पूछे गए थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे।

120 से 150 सवाल हूबहू मैच होने का दावा

जांच रिपोर्ट के अनुसार, वायरल हुए गेस पेपर से लगभग 120 से 150 सवाल सीधे परीक्षा में पूछे गए। इसमें केमिस्ट्री के करीब 30 सवाल और बायोलॉजी के लगभग 90 सवाल शामिल थे। जबकि NEET परीक्षा में कुल 180 प्रश्न होते हैं। यह भी सामने आया कि प्रश्न पत्र छपने से पहले ही कुछ सेट लीक हो गए थे, जिससे परीक्षा की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

NTA का बड़ा बयान

National Testing Agency ने परीक्षा रद्द करने के फैसले पर कहा कि यह निर्णय छात्रों के हित और परीक्षा की पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए लिया गया है। एजेंसी ने स्वीकार किया कि दोबारा परीक्षा से छात्रों और अभिभावकों को परेशानी हो सकती है, लेकिन सिस्टम की विश्वसनीयता के लिए यह जरूरी कदम है। NTA ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में वह CBI जांच में पूरा सहयोग करेगा।

छात्रों के लिए क्या होगा नया नियम?

NTA ने छात्रों को राहत देते हुए बताया कि दोबारा परीक्षा के लिए उन्हें फिर से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। जिन उम्मीदवारों ने 3 मई 2026 की परीक्षा दी थी, उनका पुराना रजिस्ट्रेशन ही मान्य रहेगा। इसके अलावा, परीक्षा केंद्र और अन्य विवरण भी पहले जैसे ही रहेंगे। किसी भी तरह का अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। पहले जमा की गई फीस को वापस किया जाएगा।

छात्रों और अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह

एजेंसी ने सभी उम्मीदवारों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।

नई परीक्षा तिथि जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। फिलहाल पूरे देश में मेडिकल प्रवेश परीक्षा को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, लेकिन सरकार और एजेंसियां स्थिति को जल्द सामान्य करने में जुटी हैं।

Akriti Pandey

Akriti Pandey

Mail ID - akritipandey7897@gmail.com

Next Story