TRENDING TAGS :
NEET UG 2026 परीक्षा में साल्वर गैंग पर सख्ती, मेडिकल कॉलेजों में बंद रहेंगे MBBS छात्र
NEET UG 2026: नीट यूजी 2026 परीक्षा से पहले सरकार ने साल्वर गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एमबीबीएस छात्रों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। परीक्षा के दौरान छात्रों को मेडिकल कॉलेजों में ही रखा जाएगा, जबकि लखनऊ में 75 केंद्रों पर 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
Image Source- Ai
NEET UG 2026: नीट यूजी (NEET UG 2026) परीक्षा को लेकर सरकार ने इस बार साल्वर गैंग (Solver Gang) पर शिकंजा कसने के लिए बेहद सख्त कदम उठाए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और किसी भी तरह की सेंधमारी रोकने के उद्देश्य से सभी एमबीबीएस (MBBS) छात्र-छात्राओं की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही उन्हें परीक्षा से एक घंटे पहले और परीक्षा समाप्त होने तक मेडिकल कॉलेजों के निर्धारित हॉल में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कड़ी निगरानी के बीच रहेंगे छात्र
नीट यूजी (NEET UG) परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में विशेष व्यवस्था की गई है। सभी एमबीबीएस (MBBS) छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गई है। परीक्षा के दौरान उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए शिक्षकों और प्रोफेसरों की ड्यूटी लगाई गई है।
निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले सभी छात्रों को मेडिकल कॉलेज परिसर में मौजूद रहना होगा और परीक्षा समाप्त होने तक उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान कॉलेज प्रशासन उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगा।
अनुपस्थित छात्रों से मांगा जाएगा जवाब
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से नीट परीक्षा (NEET Exam) की शुचिता बनाए रखने में मदद मिलेगी और किसी भी बाहरी गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। सभी एमबीबीएस छात्र-छात्राओं के लिए क्लास और प्रैक्टिकल में शामिल होना अनिवार्य किया गया है।
यदि कोई छात्र अनुपस्थित पाया जाता है तो उससे जवाब तलब किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) और डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान (RMLIMS) को चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय को विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी। इस रिपोर्ट में छात्रों की उपस्थिति, क्लास और प्रैक्टिकल से जुड़ी पूरी जानकारी शामिल होगी।
लखनऊ में 75 केंद्रों पर होगी परीक्षा
नीट यूजी (NEET UG) 2026 पुनर्परीक्षा के लिए लखनऊ में कुल 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 35,494 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा।
1 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था में चार सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), 205 उपनिरीक्षक, 452 मुख्य आरक्षी और आरक्षी तथा 335 महिला आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए 150 सशस्त्र पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के साथ 150 अतिरिक्त कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर नोडल पुलिस अधिकारी, केंद्र प्रभारी और कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सघन जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन (Mobile Phone), स्मार्ट वॉच (Smart Watch), ब्लूटूथ डिवाइस (Bluetooth Device) समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी रोक रहेगी।
महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल (Pink Patrol), एंटी रोमियो स्क्वाड (Anti Romeo Squad) और डायल-112 (Dial-112) की टीमें लगातार गश्त करती रहेंगी।
आवागमन के लिए भी विशेष इंतजाम
नीट परीक्षा को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।
परीक्षार्थियों के लिए चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें
नीट परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे (North Eastern Railway) के लखनऊ मंडल प्रशासन ने 21 जून को गोरखपुर-लखनऊ-गोरखपुर के बीच चार अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार ट्रेन संख्या 05007 गोरखपुर से सुबह 4:05 बजे रवाना होगी। यह खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोण्डा, करनैलगंज, बाराबंकी और बादशाहनगर होते हुए सुबह 10 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
सरकार और प्रशासन का दावा है कि इस बार नीट यूजी (NEET UG) परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।


