NTA Statement On NEET: नीट-यूजी परीक्षा की नई तारीख जल्द की जाएगी जारी, NTA के DG ने दिया नया अपडेट

NTA Statement On NEET: NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर NTA प्रमुख अभिषेक सिंह ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह फैसला जरूरी था।

Akriti Pandey
Published on: 12 May 2026 5:07 PM IST (Updated on: 12 May 2026 5:11 PM IST)
NTA Statement On NEET
X

NTA Statement On NEET

NTA Statement On NEET: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है। साथ ही एजेंसी ने दोबारा परीक्षा कराने का भी ऐलान किया है। इस फैसले के बाद NTA के महानिदेशक Abhishek Singh ने कहा कि यह निर्णय छात्रों, अभिभावकों और खुद एजेंसी के लिए बेहद कठिन और शर्मनाक है, लेकिन परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना सबसे जरूरी है।

व्हाट्सएप मैसेज से शुरू हुआ शक

NTA प्रमुख ने बताया कि 7 मई की देर रात एजेंसी को कुछ व्हाट्सएप मैसेज मिले थे। इन मैसेज में ऐसे सवाल साझा किए गए थे, जो NEET-UG परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह जानकारी मिली, उन मैसेज को तुरंत जांच एजेंसियों को भेज दिया गया। हालांकि परीक्षा वाले दिन किसी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था की शिकायत सामने नहीं आई थी और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी।

जांच में सामने आए अहम संकेत

National Testing Agency के अनुसार 8 और 9 मई को जांच एजेंसियों ने व्हाट्सएप मैसेज और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की। इसके बाद 10 और 11 मई को कुछ आरोपों के सही होने के संकेत मिले। अभिषेक सिंह ने कहा कि अगर परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर थोड़ा भी संदेह हो, तो ऐसी स्थिति में परीक्षा को रद्द करना ही सही फैसला होता है। इसी कारण एजेंसी ने NEET-UG 2026 को रद्द करने का निर्णय लिया।

CBI करेगी पूरे मामले की जांच

NTA ने इस पूरे मामले की जांच अब Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी है। एजेंसी यह पता लगाएगी कि पेपर लीक का मामला केवल एक राज्य तक सीमित था या कई राज्यों में फैला हुआ था। NTA प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि पेपर लीक कितने बड़े स्तर पर हुआ और कितने लोगों तक प्रश्नपत्र पहुंचा था।

नासिक प्रिंटिंग प्रेस पर भी उठे सवाल

मीडिया रिपोर्ट्स में नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस का नाम सामने आने के बाद जब सवाल पूछा गया तो अभिषेक सिंह ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि CBI सभी रिकॉर्ड, डिजिटल सबूत और आरोपों की विस्तार से जांच करेगी और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करेगी।

टेलीग्राम चैनल भी किए गए ब्लॉक

NTA प्रमुख ने बताया कि परीक्षा से पहले एजेंसी लगातार सतर्क थी। कई संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी और करीब 120 टेलीग्राम चैनलों को ब्लॉक भी किया गया था। इसके अलावा छात्रों से भी अपील की गई थी कि यदि उन्हें किसी तरह की संदिग्ध जानकारी मिले तो तुरंत इसकी सूचना एजेंसी को दें।

छात्रों में बढ़ी चिंता

परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। अब सभी को दोबारा परीक्षा की नई तारीख का इंतजार है, जिसे जल्द जारी किए जाने की बात कही गई है।

NEET विवाद पर अखिलेश यादव का बयान

Akhilesh Yadav ने NEET परीक्षा को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर परीक्षा दोबारा कराई जाती है तो क्या इसकी कोई गारंटी है कि यह फिर से लीक नहीं होगी। उनके इस बयान के बाद लाखों छात्रों और उनके परिजनों में गहरी नाराजगी और निराशा देखने को मिल रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है। उनके अनुसार जब तक सिस्टम में सुधार नहीं होगा, तब तक परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठते रहेंगे और पारदर्शिता की कमी बनी रहेगी।


Akriti Pandey

Akriti Pandey

Mail ID - akritipandey7897@gmail.com

Next Story