NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले धर्मेंद्र प्रधान की हाई लेवल बैठक, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

NEET Re Exam 2026: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर समीक्षा बैठक में 222 अधिकारियों ने हिस्सा लिया। पेपर लीक के बाद 21 जून को परीक्षा आयोजित की जाएगी।

Akriti Pandey
Published on: 18 Jun 2026 5:44 PM IST
NEET Re Exam 2026
X

NEET Re Exam 2026

NEET Re Exam 2026: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पूरी तरह सतर्क हैं। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में शिक्षा मंत्रालय, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA), राज्य सरकारों और विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बता दे कि बैठक का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने की तैयारियों का जायजा लेना था। साथ ही छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत बनाने पर भी विशेष चर्चा की गई।

परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा पर जोर

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से किया जाए। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और परीक्षा प्रक्रिया पर उनका भरोसा बना रहना चाहिए। पेपर लीक विवाद के बाद सरकार इस बार परीक्षा की सुरक्षा को लेकर कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती। इसी वजह से सभी संबंधित एजेंसियों को अपने स्तर पर सतर्क रहने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्रों की सुविधाओं को प्राथमिकता

बैठक में परीक्षार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। शिक्षा मंत्री ने राज्य सरकारों के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके तहत परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंत्रालय की ओर से नियुक्त अधिकारी विभिन्न राज्यों में जाकर तैयारियों का निरीक्षण करेंगे और अपनी रिपोर्ट सीधे NTA के कमांड सेंटर को सौंपेंगे।

एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने की तैयारी

स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जानी चाहिए। वहीं उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी ने कहा कि परीक्षा से पहले का समय बेहद महत्वपूर्ण है और सभी संबंधित एजेंसियों को मिलकर काम करना होगा।उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए तय मानकों और दिशानिर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाना आवश्यक है।

सुरक्षा एजेंसियां रखेंगी कड़ी निगरानी

NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि एजेंसी जिला स्तरीय समितियों, राज्य पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। उनका उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवधानमुक्त बनाना है।

हाइब्रिड मोड में आयोजित इस समीक्षा बैठक में देशभर से 222 अधिकारियों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। गौरतलब है कि पेपर लीक के आरोपों के बाद पहले आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद सरकार ने निर्णय लिया कि NEET UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a journalist with more than three years of experience in the media industry. She holds a degree in Mass Communication and Journalism and specializes in writing on education, lifestyle, health, and astrology-related topics. Known for her reader-focused approach and engaging storytelling, Akriti is passionate about creating informative and accessible content. In her free time, she enjoys writing, sports, and traveling.

Next Story