TRENDING TAGS :
PM Vidyalaxmi Scheme 2026: बिना गारंटी मिलेगा एजुकेशन लोन, अब पैसों की कमी नहीं रोकेगी पढ़ाई
PM Vidyalaxmi Scheme 2026: बिना गारंटी और बिना संपत्ति गिरवी रखे एजुकेशन लोन कैसे मिलेगा? जानें पात्रता, ब्याज सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया, PM Vidyalaxmi Portal और जरूरी दस्तावेज।
PM Vidyalaxmi Scheme 2026
PM Vidyalaxmi Scheme 2026: उच्च शिक्षा का सपना देखने वाले लाखों छात्रों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अक्सर फीस और पढ़ाई का खर्च होता है। कई बार अच्छे कॉलेज में दाखिला मिलने के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण छात्र अपना सपना छोड़ देते हैं। ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार की पीएम विद्यालक्ष्मी योजना (PM Vidyalaxmi Scheme) बड़ी राहत लेकर आई है। इस योजना के तहत योग्य छात्रों को बिना गारंटर, बिना किसी संपत्ति को गिरवी रखे एजुकेशन लोन मिल सकता है। इतना ही नहीं, पात्र परिवारों को ब्याज सब्सिडी का भी लाभ दिया जाएगा। जिससे पढ़ाई का खर्च उठाना पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा।
क्या है पीएम विद्यालक्ष्मी योजना?
प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना को केंद्र सरकार ने 6 नवंबर 2024 को मंजूरी दी थी। इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मेधावी छात्र की पढ़ाई सिर्फ आर्थिक कारणों से बीच में न रुके। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के विजन के अनुरूप तैयार की गई है। जिसमें सभी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा तक पहुंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। सरकार का मानना है कि प्रतिभाशाली छात्रों को आर्थिक बाधाओं के कारण अपने करियर से समझौता नहीं करना चाहिए। इसी सोच के साथ इस योजना को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है।
क्या है PM Vidyalaxmi Portal और कैसे करता है काम?
सरकार ने छात्रों के लिए PM Vidyalaxmi Portal शुरू किया है। जहां एक ही प्लेटफॉर्म पर एजुकेशन लोन के लिए आवेदन किया जा सकता है। पहले अलग-अलग बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब छात्र एक कॉमन एप्लिकेशन फॉर्म भरकर अपनी पसंद के बैंक में आवेदन भेज सकते हैं।
इस पोर्टल के माध्यम से सरकारी बैंक, निजी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) और सहकारी बैंक उच्च शिक्षा के लिए लोन उपलब्ध कराते हैं। भारत ही नहीं, विदेश में पढ़ाई करने वाले पात्र छात्र भी इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
सबसे अच्छी बात यह है कि आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होती है और छात्र अपने आवेदन की स्थिति भी पोर्टल पर आसानी से ट्रैक कर सकते हैं।
किन छात्रों को मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ उन छात्रों को मिलेगा जिन्हें राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) के आधार पर चयनित Quality Higher Education Institutions (QHEIs) में प्रवेश मिला है।
यानी देश के किसी प्रतिष्ठित और पात्र संस्थान में दाखिला लिया है, तो ऐसे छात्र एजुकेशन लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित किया गया है कि सहायता वास्तव में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले योग्य छात्रों तक पहुंचे।
बिना गारंटी और बिना गिरवी मिलेगा लोन
पीएम विद्यालक्ष्मी योजना की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि पात्र छात्रों को बिना किसी गारंटर और बिना संपत्ति गिरवी रखे एजुकेशन लोन मिल सकता है। आमतौर पर बड़े एजुकेशन लोन के लिए बैंक गारंटर या संपत्ति की मांग करते हैं, लेकिन इस योजना में सरकार बैंक को क्रेडिट गारंटी देकर जोखिम कम करती है। इससे छात्रों के लिए लोन लेना पहले की तुलना में काफी आसान हो जाता है।
ब्याज सब्सिडी से कम होगा आर्थिक बोझ
योजना के तहत कई तरह की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है।
7.5 लाख रुपये तक के एजुकेशन लोन पर भारत सरकार 75 प्रतिशत तक क्रेडिट गारंटी देती है।
जिन परिवारों की वार्षिक आय 8 लाख रुपये तक है, उन्हें 10 लाख रुपये तक के एजुकेशन लोन पर 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी। वहीं 4.5 लाख रुपये या उससे कम वार्षिक आय वाले परिवारों के छात्रों को मौजूदा पात्रता के अनुसार पूरी ब्याज सब्सिडी का लाभ मिल सकता है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि पढ़ाई पूरी होने के बाद छात्रों पर लोन चुकाने का बोझ कम रहे।
डिजिटल प्रक्रिया से मिलेगा तेज और पारदर्शी लाभ
इस योजना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रखी गई है। आवेदन से लेकर दस्तावेजों की जांच और लोन स्वीकृति तक अधिकांश काम ऑनलाइन किए जाते हैं।
सरकार के अनुसार, स्वीकृत लोन की राशि डिजिटल रुपया (Digital Rupee) वॉलेट के माध्यम से जारी की जाएगी। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनेगी तथा धन का उपयोग शिक्षा से जुड़े खर्चों के लिए सुनिश्चित किया जा सकेगा।
हर साल लाखों छात्रों को होगा फायदा
केंद्र सरकार का अनुमान है कि इस योजना से हर साल 22 लाख से अधिक छात्रों को लाभ मिलेगा। यह योजना पहले से संचालित सेंट्रल सेक्टर इंटरेस्ट सब्सिडी स्कीम (CSIS) और क्रेडिट गारंटी फंड स्कीम फॉर एजुकेशन लोन (CGFSEL) को भी मजबूत करेगी। जानकारों का मानना है कि इससे उच्च शिक्षा में आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों की भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें बेहतर संस्थानों में पढ़ने का अवसर मिलेगा।
PM Vidyalaxmi Scheme के लिए ऐसे करें आवेदन
योजना के तहत आवेदन करना बेहद आसान है।
सबसे पहले PM Vidyalaxmi Portal पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद कॉमन एजुकेशन लोन एप्लीकेशन फॉर्म (CELAF) भरें। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद अपनी पसंद का बैंक चुनें और आवेदन सबमिट कर दें। आवेदन जमा होने के बाद उसकी स्थिति भी पोर्टल पर ऑनलाइन देखी जा सकती है।
क्यों महत्वपूर्ण है यह योजना?
देश में हर साल लाखों छात्र आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा का सपना पूरा नहीं कर पाते। ऐसे में पीएम विद्यालक्ष्मी योजना केवल एक लोन स्कीम नहीं, बल्कि उन छात्रों के लिए नया अवसर है जो अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं। बिना गारंटी लोन, ब्याज सब्सिडी और पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया जैसी सुविधाएं इस योजना को छात्रों के लिए काफी उपयोगी बनाती हैं। यदि आप भी किसी मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने जा रहे हैं और आर्थिक सहायता की जरूरत है, तो यह योजना आपके लिए बड़ा सहारा साबित हो सकती है।


