SNLU में ‘दीक्षारंभ 2026’ आयोजित, नए छात्रों का स्वागत, विधि विशेषज्ञों ने दिए गुरू मंत्र

SNLU Gangtok News: सिक्किम नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में ‘दीक्षारंभ 2026’ कार्यक्रम के तहत नए बीए एलएलबी और एलएलएम विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। उन्हें कानूनी शिक्षा, संवैधानिक मूल्यों और पेशेवर जिम्मेदारियों की दिशा दिखाई गई।

Dhanish Srivastava
Published on: 21 Aug 2026 1:37 PM IST
Education News
X

Education News

SNLU Gangtok News: सिक्किम नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में बीए, एलएलबी (ऑनर्स) पांच वर्षीय पाठ्यक्रम और एलएलएम एक वर्षीय पाठ्यक्रम के नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रथम छात्र दीक्षा कार्यक्रम ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागत विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नियमों, संस्थागत मूल्यों और कानूनी शिक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों से परिचित कराना था।

समारोह में विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. (डॉ.) राजेंद्र धर दुबे ने कानूनी शिक्षा के मूल उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि विधिक शिक्षा केवल अकादमिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों में अखंडता, अनुशासन, व्यावसायिक दक्षता, संवैधानिक मूल्यों और न्याय व जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को विकसित करना है। उन्होंने नवागत छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले शैक्षणिक और पाठ्येतर अवसरों का सर्वोत्तम उपयोग करने तथा कानूनी पेशे की गरिमा और मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति न्यायमूर्ति ए. मोहम्मद मुश्ताक ने युवा वकीलों की परिवर्तनकारी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा वकीलों को समाज की बदलती ज़रूरतों के अनुरूप खुद को ढालना चाहिए और पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर कानून के माध्यम से समाज में सार्थक बदलाव का वाहक बनना चाहिए। सिक्किम उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति भास्कर राज प्रधान ने अपने संबोधन में छात्रों से कहा कि वे केवल कानून की किताबों तक सीमित न रहें। उन्होंने कानून की पृष्ठभूमि, विधायी मंशा और उसके व्यापक सामाजिक व संस्थागत संदर्भ को समझने की आवश्यकता पर बल दिया।

वहीं, सिक्किम सरकार के शिक्षा व कानून मंत्री राजू बस्नेत ने मानवीय दृष्टिकोण पर जोर देते हुए कहा कि एक वकील को कानून जानना चाहिए, लेकिन एक अच्छे वकील को इंसानों की समझ होनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से कानून के शब्दों से परे जाकर उसके वास्तविक अर्थ और उद्देश्य को खोजने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान संकाय सदस्यों ने नवागत छात्रों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, शोध, इंटर्नशिप, मूट कोर्ट और कानूनी सहायता जैसी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्रों के अभिभावक, कार्यकारी परिषद के सदस्य विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने नए छात्रों का स्वागत कर उनके उज्जवल भविष्य की प्रेरणा दी।

Dhanish Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Dhanish Srivastava

dhanishsrivastavant@gmail.com
Next Story