CUET UG परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी! कई केंद्रों पर एग्जाम में देरी, NTA ने दी जानकारी

CUET UG 2026: 30 मई 2026 (शनिवार) को आयोजित सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी की शिकायतें सामने आईं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 30 May 2026 1:12 PM IST (Updated on: 30 May 2026 1:22 PM IST)
CUET UG 2026
X

CUET UG 2026

CUET UG 2026: देश में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर पहले से जारी विवादों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। 30 मई 2026 को आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्या देखने को मिली। इससे हजारों परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, सुबह की शिफ्ट में कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। उम्मीदवार लंबे समय तक परीक्षा हॉल में या केंद्रों के बाहर इंतजार करते रहे। कई स्थानों पर छात्र और अभिभावक तपती गर्मी में घंटों खड़े रहे, जिससे नाराजगी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। बढ़ते विरोध के बाद एनटीए को आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा।

एनटीए ने अपने बयान में स्वीकार किया कि परीक्षा संचालन से जुड़ी तकनीकी साझेदार कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसी कारण कुछ परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर और सर्वर संबंधी समस्याएं उत्पन्न हुईं, जिससे परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो पाई। एजेंसी के अनुसार, समस्या की पहचान कर उसे बाद में ठीक कर लिया गया और प्रभावित केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।

सुबह की शिफ्ट में हुई देरी का असर दोपहर के सत्र पर भी पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एनटीए ने दोपहर की परीक्षा का समय बदल दिया। नए कार्यक्रम के तहत उम्मीदवारों की रिपोर्टिंग और प्रवेश प्रक्रिया दोपहर 2:30 बजे से शुरू की गई, जबकि परीक्षा का समय दोपहर 3 बजे के बजाय शाम 4 बजे निर्धारित किया गया। परीक्षा केंद्रों को भी नए निर्देश जारी किए गए ताकि छात्रों को किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी न हो।

एनटीए ने स्पष्ट किया कि सुबह की शिफ्ट के किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। तकनीकी कारणों से हुए समय के नुकसान की भरपाई के लिए प्रभावित उम्मीदवारों को पूरा निर्धारित परीक्षा समय उपलब्ध कराया जाएगा। एजेंसी ने यह भी कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुबह की शिफ्ट के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने से पहले परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

घटना के बाद एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। साथ ही किसी भी शिकायत, जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर और आधिकारिक ईमेल सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी नई जानकारियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story