UP के सरकारी ITI में 1065 इंस्ट्रक्टर पदों पर होगी भर्ती, आधुनिक ट्रेडों के लिए जल्द शुरू होगी चयन

UP ITI Vacancy: उत्तर प्रदेश के 149 सरकारी ITI में 1065 इंस्ट्रक्टर और वर्कशॉप इंस्ट्रक्टर पदों पर भर्ती होगी। जानें भर्ती प्रक्रिया और नए ट्रेडों की जानकारी।

Akriti Pandey
Published on: 27 Jun 2026 11:23 AM IST
UP ITI Instructor Recruitment 2026
X

UP ITI Instructor Recruitment 2026

UP ITI Vacancy: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में कार्यदेशक (वर्कशॉप इंस्ट्रक्टर) और प्रशिक्षकों (इंस्ट्रक्टर) के 1065 पदों पर भर्ती करने जा रही है। यह भर्ती उन 149 सरकारी आईटीआई में की जाएगी, जिन्हें टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (TTL) के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया गया है। भर्ती प्रक्रिया आउटसोर्सिंग के माध्यम से पूरी की जाएगी और इसका उद्देश्य नए तकनीकी ट्रेडों के लिए योग्य प्रशिक्षकों की नियुक्ति करना है।

149 अपग्रेड ITI में होगी नियुक्ति

प्रदेश सरकार ने युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तकनीकी शिक्षा देने के लिए 149 राजकीय आईटीआई को आधुनिक बनाया है। इन संस्थानों में नई तकनीकों पर आधारित कोर्स शुरू किए जा रहे हैं, जिनके संचालन के लिए बड़ी संख्या में प्रशिक्षकों की जरूरत होगी। सरकार के अनुसार, कुल 171 कार्यदेशक (वर्कशॉप इंस्ट्रक्टर) और 894 प्रशिक्षकों (इंस्ट्रक्टर) की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र, अलीगंज में भी इन आधुनिक पाठ्यक्रमों का संचालन किया जाएगा।

पारदर्शी होगी भर्ती प्रक्रिया

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग के संयुक्त सचिव मनोज वर्मा ने इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि नए सत्र में छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

इन आधुनिक ट्रेडों की होगी पढ़ाई

अपग्रेड किए गए आईटीआई में विद्यार्थियों को रोजगारपरक और उद्योगों की मांग के अनुरूप कई नए ट्रेड पढ़ाए जाएंगे। इनमें इलेक्ट्रिक व्हीकल मैकेनिक, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, एडवांस्ड CNC मशीनिंग, मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन, इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IIoT), एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग (3D प्रिंटिंग), CAM प्रोग्रामिंग तथा बेसिक डिजाइनिंग एवं वर्चुअल वेरिफिकेशन (मैकेनिकल) जैसे कुल नौ आधुनिक ट्रेड शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इन पाठ्यक्रमों के जरिए प्रशिक्षित होने वाले युवाओं को देश और विदेश की कंपनियों में बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही उन्हें आकर्षक वेतन पैकेज मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

बांदा में 30 जून को लगेगा अप्रेंटिसशिप मेला

इस बीच, बांदा जिले के सरकारी और निजी आईटीआई से पासआउट छात्रों के लिए 30 जून को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बांदा में अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें कई प्रतिष्ठित सरकारी संस्थान और निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी।

अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकृत इच्छुक अभ्यर्थी इस मेले में शामिल होकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उनकी कौशल क्षमता को बेहतर अवसरों तक पहुंचाना है।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a journalist with more than three years of experience in the media industry. She holds a degree in Mass Communication and Journalism and specializes in writing on education, lifestyle, health, and astrology-related topics. Known for her reader-focused approach and engaging storytelling, Akriti is passionate about creating informative and accessible content. In her free time, she enjoys writing, sports, and traveling.

Next Story