TRENDING TAGS :
UP Police Constable आंसर-की जारी, आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख 23 जून
UP Police Constable Answer Key: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी हो गई है। अभ्यर्थी 23 जून तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
UP Police Answer Key 2026
UP Police Constable Answer Key: उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने 32,679 कांस्टेबल पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपने उत्तरों का मिलान कर संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं।
आंसर-की जारी होने के साथ ही बोर्ड ने उम्मीदवारों को प्रश्नों और उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया है। यदि किसी प्रश्न, विकल्प या उत्तर में त्रुटि दिखाई देती है, तो उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
23 जून तक दर्ज कर सकेंगे आपत्ति
भर्ती बोर्ड के अनुसार, अभ्यर्थियों को 23 जून 2026 की रात 12 बजे तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। इसके बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति या दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी आपत्तियों की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाएगी। यदि किसी आपत्ति को सही पाया जाता है, तो अंतिम आंसर-की में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
ऐसे करें आपत्ति दर्ज
आपत्ति दर्ज करने के लिए उम्मीदवारों को UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां उपलब्ध संबंधित लिंक पर क्लिक कर लॉगिन करना होगा। लॉगिन के दौरान अभ्यर्थियों को अपना रोल नंबर, जन्म तिथि और प्रश्न पुस्तिका (Question Booklet) नंबर जैसी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद वे अपनी परीक्षा पाली से संबंधित प्रश्नपत्र और आंसर-की देख सकेंगे तथा आवश्यक होने पर आपत्ति दर्ज कर पाएंगे।
आंसर-की डाउनलोड करने की प्रक्रिया
उम्मीदवार सबसे पहले भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर दिए गए "UP Police Constable Answer Key 2026" लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद आंसर-की पीडीएफ फॉर्मेट में स्क्रीन पर दिखाई देगी। उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।
24 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
भर्ती बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून को किया गया था। इस दौरान कुल 75.94 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि लगभग 24 प्रतिशत उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की गई, जिसके खिलाफ कई मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं दूसरे की जगह परीक्षा देने का प्रयास करने वाले कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया।
जल्द जारी होगी अंतिम आंसर-की
आपत्तियों के निस्तारण के बाद भर्ती बोर्ड अंतिम आंसर-की जारी करेगा। इसके आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया और परिणाम तैयार किए जाएंगे। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आंसर-की का मिलान कर लें और यदि कोई त्रुटि नजर आए तो निर्धारित समय के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज कराएं।


