TRENDING TAGS :
UP Lekhpal Admit Card OUT: यूपीएसएसएससी लेखपाल एडमिट कार्ड जारी, यहां से करें डायरेक्ट डाउनलोड, परीक्षा 21 मई को
UP Lekhpal Admit Card OUT: यूपीएसएसएससी ने लेखपाल मुख्य परीक्षा 2026 का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं और परीक्षा 21 मई को होगी।
UP Lekhpal Admit Card OUT
बUP Lekhpal Admit Card OUT: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन अभ्यर्थियों ने इस भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग की ओर से किसी भी उम्मीदवार को डाक या अन्य माध्यम से एडमिट कार्ड भेजे नहीं जाएंगे। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच अवश्य करें।
21 मई को होगी परीक्षा (UP Lekhpal Exam Date)
UPSSSC लेखपाल मुख्य परीक्षा का आयोजन 21 मई 2026 को प्रदेशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केवल एक ही दिन और एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड (UP Lekhpal Admit Card 2026)
लेखपाल (UP Lekhpal Exam Date) मुख्य परीक्षा का एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट के होम पेज पर “लेखपाल मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/01 प्रवेश पत्र डाउनलोड” लिंक दिखाई देगा, जिस पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि और जेंडर दर्ज करना होगा। फिर स्क्रीन पर दिया गया वेरिफिकेशन कोड भरकर सबमिट बटन पर क्लिक करना होगा। सारी जानकारी सही भरने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर खुल जाएगा। उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर प्रिंटआउट निकाल सकते हैं और परीक्षा के दिन अपने साथ लेकर जाएं।
परीक्षा पैटर्न में हुआ बदलाव
इस बार यूपी लेखपाल भर्ती ( UP Lekhpal Exam Pattern) परीक्षा के पैटर्न में बड़ा बदलाव किया गया है। आयोग ने परीक्षा से गणित विषय को हटा दिया है। अब प्रश्न पत्र तीन भागों में विभाजित होगा और कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न के लिए 1 अंक निर्धारित किया गया है। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान रखा गया है। हर गलत उत्तर पर एक चौथाई यानी 1/4 अंक काटे जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि जिन प्रश्नों के उत्तर सुनिश्चित न हों, उन्हें हल करने से बचें। पूरे प्रश्न पत्र को हल करने के लिए उम्मीदवारों को 2 घंटे का समय मिलेगा।
7,994 पदों पर होगी भर्ती (UP Lekhpal Vacancy)
UPSSSC की इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 7,994 लेखपाल पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 4,165 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 1,446 पद, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 150 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1,441 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 792 पद आरक्षित हैं।
बता दे कि महिला उम्मीदवारों के लिए भी विशेष आरक्षण का प्रावधान किया गया है। कुल रिक्तियों में से 1,592 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। यह भर्ती प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित भर्तियों में से एक मानी जा रही है, जिसके लिए लाखों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।


