TRENDING TAGS :
UPTET 2026: पहली बार लागू होगा नॉर्मलाइजेशन, रिजल्ट में बढ़ भी सकते हैं और घट भी सकते हैं नंबर
UPTET Normalization Process: UPTET 2026 में पहली बार नॉर्मलाइजेशन लागू होगा। जानें इससे रिजल्ट पर क्या असर पड़ेगा और क्यों बढ़ या घट सकते हैं आपके नंबर।
UPTET 2026 Normalization Process
UPTET Normalization Process: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को पूरे प्रदेश में किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इस बार परीक्षा को लेकर सबसे बड़ा बदलाव नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया को लेकर हुआ है। पहली बार यूपीटीईटी के परिणाम तैयार करते समय नॉर्मलाइजेशन लागू किया जाएगा। इसका सीधा असर अभ्यर्थियों के अंतिम अंकों पर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में कई उम्मीदवारों के अंक बढ़ सकते हैं, जबकि कुछ के अंक कम भी हो सकते हैं। इसलिए केवल प्रोविजनल आंसर-की में दिखाई देने वाले अंकों के आधार पर अंतिम परिणाम का अनुमान लगाना सही नहीं होगा।
छह शिफ्ट में होगी परीक्षा
यूपी एजुकेशन सर्विस सिलेक्शन कमीशन (UPESSC) इस बार परीक्षा का आयोजन तीन दिनों में करेगा। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। यानी कुल छह शिफ्ट में यूपीटीईटी 2026 आयोजित की जाएगी। अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा होने के कारण सभी प्रश्नपत्रों का कठिनाई स्तर समान होना संभव नहीं होता। किसी शिफ्ट का पेपर अपेक्षाकृत आसान हो सकता है, जबकि दूसरी शिफ्ट का पेपर कठिन हो सकता है। इसी असमानता को संतुलित करने के लिए आयोग ने पहली बार नॉर्मलाइजेशन लागू करने का फैसला लिया है।
क्या होता है नॉर्मलाइजेशन?
Normalization एक गणितीय प्रक्रिया (Mathematical Formula) है, जिसका उपयोग उन प्रतियोगी परीक्षाओं में किया जाता है जो कई शिफ्ट में आयोजित होती हैं। इसका उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर देना और अलग-अलग कठिनाई स्तर वाले प्रश्नपत्रों के बीच निष्पक्षता बनाए रखना होता है। यदि किसी शिफ्ट का प्रश्नपत्र कठिन होता है, तो उस शिफ्ट के अभ्यर्थियों के अंकों में आवश्यकतानुसार बढ़ोतरी की जा सकती है। वहीं, यदि किसी शिफ्ट का पेपर अपेक्षाकृत आसान होता है, तो उस शिफ्ट के कुछ अभ्यर्थियों के अंक कम भी किए जा सकते हैं। यह पूरी प्रक्रिया एक निर्धारित गणितीय फॉर्मूले के आधार पर होती है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लिया गया निर्णय
UPESSC ने बताया है कि नॉर्मलाइजेशन लागू करने का निर्णय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और बहु-शिफ्ट परीक्षाओं में अपनाए जाने वाले मानकों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। चूंकि इस बार बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे और छह शिफ्ट में एग्जाम होगा, इसलिए निष्पक्ष परिणाम सुनिश्चित करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अंतिम रिजल्ट में बदल सकते हैं अंक
नॉर्मलाइजेशन (Normalization Process) लागू होने का मतलब यह नहीं है कि सभी उम्मीदवारों के अंक कम होंगे। जिन अभ्यर्थियों ने कठिन शिफ्ट में परीक्षा दी होगी, उनके अंक बढ़ने की संभावना भी रहेगी। वहीं आसान शिफ्ट में बेहतर स्कोर करने वाले कुछ उम्मीदवारों के अंक कम हो सकते हैं।
इसलिए परीक्षा के बाद जारी होने वाली प्रोविजनल आंसर-की केवल संभावित स्कोर का संकेत देगी। अंतिम परिणाम नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही जारी किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम रिजल्ट आने तक धैर्य बनाए रखें और आयोग की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।


