TRENDING TAGS :
Gullak 5 Review: बदल गया मिश्रा परिवार, क्या नए अन्नू भैया कर पाए कमाल, पढ़ें गुल्लक 5 का रिव्यू
Gullak 5 Review: मोस्ट लव्ड सीरीज गुल्लक का पांचवां सीजन आ चुका है, चलिए जानते हैं बाकी के 4 सीजन्स की तरह क्या पांचवां सीजन ने दर्शकों का दिल जीता है।
Gullak 5 Review
Gullak 5 Review: टीवीएफ की सबसे पसंदीदा सीरीज गुल्लक अपने नए सीजन यानी कि पांचवें सीजन के साथ वापसी कर चुकी है। बता दें कि गुल्लक वाला मिश्रा परिवार अब तो देश के घर-घर में मशहूर हो गया है, क्योंकि जिस तरह से मिश्रा परिवार के घर की कहानी चल रही है, उससे एक मिडिल क्लास फैमिली खुद को बड़ी ही आसानी से जोड़ लेती है, हर मिडिल क्लास फैमिली इस मिश्रा परिवार से बखूबी जुड़ चुका है, यही वजह है कि ये सीरीज इतनी हिट साबित हुई। गुल्लक का पहला सीजन 2019 में आया था, उस दौरान ये नहीं लगा था कि ये कहानी दर्शकों के दिलों पर इस तरह छा जाएगी, फिलहाल, अब पांचवां सीजन आ चुका है और इस पांचवें सीजन में क्या कुछ देखने को मिल रहा है और क्या इस बार भी मिश्रा परिवार दर्शकों के दिलों में अपनी छाप छोड़ पाएगा, आइए जानते हैं।
कैसी है गुल्लक 5
गुल्लक के पांचवें सीज़न में काफी कुछ बदलाव देखने को मिल रहा है, पहले तो मिश्रा जी के घर का पूरा हुलिया बदल चुका है और सबसे बड़ा बदलाव यह है कि गुल्लक 5 का मुख्य किरदार अन्नू भैया बदल गए हैं, जी हां! सीजन 5 में नए अन्नू भैया आ गए हैं, ऐसे में दर्शक इसलिए भी एक्साइटेड हैं कि क्या नए अन्नू भैया उस किरदार में खुद को जमा पाएंगे, चलिए आपको इन सब सवालों के जवाब देते हैं -
गुल्लक सीजन 5 इस बार भी पूरी तरह दर्शकों को खुद से बांधे रखेगी, सीरीज की शुरुआत घर की पुताई से होती है, जी हां! जहां अब तक सीजन में मिश्रा परिवार घर को रेनोवेट करवाने के पीछे लगा हुआ था, वहीं पांचवें सीजन में आखिरकार घर की पुताई होती है, हालांकि घर का कलर वही पुराना ही है। कहां मिश्रा परिवार का घर नया जैसा हो गया है, घर में वाईफाई लग गया है, वहीं अमन मिश्रा अपनी अलग खिचड़ी पकाने में लगे हुए हैं, वो कुछ ऐसा कर रहें हैं, जिससे घरवाले अनजान हैं। वहीं हमारे अन्नू भैया का भी यही हाल है, वो लड़की के चक्कर में पड़ गए हैं, नौकरी के साथ ही लड़की के पीछे-पीछे भी घूम रहें हैं, और बिट्टू की मम्मी Vlogger बन गईं हैं। और बात करें मिश्राइन की तो आज भी वे अपने घर में ही बिजी हैं, हालांकि सीरीज में उनके कुछ ऐसे डायलॉग हैं, जो आपको एक पल के लिए सोचने पर मजबूर कर देते हैं। पांचवे सीजन में अन्नू भैया की लव स्टोरी से लेकर, मां बाप का उनके बच्चों के प्रति अटूट विश्वास, नया घर लेने, नौकरी के संघर्ष, महिलाओं की अपनी खुद की पहचान जैसी तमाम चीजें देखने को मिल रही है।
अन्नू भैया के किरदार में जंचे अनंत जोशी
गुल्लक सीजन 5 का जब ऐलान हुआ था और यह खबर पता चली थी कि अब अन्नू भैया के किरदार में वैभव राज गुप्ता नजर नहीं आएंगे, बल्कि उनकी जगह अनंत जोशी होंगे तो दर्शकों को बड़ा झटका लगा था, और उन्होंने अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी, लेकिन आपको बता दें कि अनंत जोशी अन्नू भैया के किरदार में पूरी तरह न्याय करते नजर आ रहें हैं, जी हां! अनंत ने जिस अंदाज में ये किरदार निभाया है, वो आपको अन्नू भैया की कमी महसूस नहीं होने देता। अनंत जोशी के साथ ही अन्य कलाकारों ने भी बहुत ही बेहतरीन काम किया है।
बहुत कुछ सीख दे जाती है गुल्लक 5
गुल्लक सीरीज दर्शकों का मनोरंजन करती ही है, साथ ही बहुत कुछ सीख भी देती है, हर एक सीजन ने दर्शकों को बहुत कुछ सिखाया है और अब पांचवें सीजन के जरिए भी कुछ खास सीख दी गई है, आधे आधे घंटे के 7 एपिसोड की सीरीज फैमिली वैल्यूज बताती है, इस सीरीज में Feminism पर भी बात की गई है, कुछ ऐसी बातें कही गई हैं, जो सीधे दिल पर चोट करती हैं और दर्शक को सोचने के लिए मजबूर कर देती हैं। कुल मिलाकर गुल्लक 5 आपको हंसाएगी, इमोशनल कर देगी और साथ ही कुछ सीख भी दे जाएगी, ऐसे में पांचवें सीजन को आपको बिल्कुल भी मिस नहीं करना चाहिए।


