Daayra Review: फिल्म की कहानी हैदराबाद के चर्चित गैंगरेप और हत्या के मामले की याद दिलाती है

Daayra Movie Review: करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म दायरा के रिलीज से पहले आया रिव्यू

Shikha Tiwari
Published on: 17 Sept 2026 9:17 AM IST
Daayra Review In Hindi
X

Daayra Movie Review (Image Credit- Social Media)

Daayra Review: मेघना गुलज़ार की आगामी फिल्म 'दायरा' में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार एक साथ नज़र आएंगे। जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गाडा (पेन स्टूडियोज) द्वारा निर्मित, यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार द्वारा लिखित और मेघना द्वारा निर्देशित फिल्म ' दायरा' 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में जितेंद्र जोशी, क्षिति जोग, कंवलजीत सिंह, संदीप कुलकर्णी और तृप्ति खामकर भी मुख्य भूमिका में हैं। इस रोमांचक क्राइम थ्रिलर की रिलीज से पहले समीक्षा आया।

करीना कपूर पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म दायरा समीक्षा (Kareena Kapoor Sukumaran Daayra Movie Review)-

दायरा किसी एक सच्ची घटना पर आधारित नहीं है, बल्कि देश भर के कई वास्तविक आपराधिक मामलों और व्यवस्थागत समस्याओं से प्रेरणा लेती है। मूल रूप से, यह ऐसे कठिन प्रश्न उठाती है जिनके आसान उत्तर नहीं हैं, कोई कहानी कितनी जल्दी फैसले में बदल सकती है? उस स्वघोषित न्यायाधिकरण से कैसे निपटा जाए जो अक्सर कानूनी ढांचे पर हावी हो जाता है? जब हम केवल दर्शक होते हैं, तो हम किस पर विश्वास करना चुनते हैं?

फिल्म की रिलीज से पहले अजित अंजुम ने फिल्म का रिव्यू दिया है। फिल्म के बारे में लिखा- आज मुझे मेघना गुलज़ार की नई फिल्म ‘दायरा’ का स्पेशल प्रिव्यू देखने का मौका मिला. ये फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है . फिल्म देखने के बाद पहला एहसास यही होता है कि यह सिर्फ एक जघन्य अपराध की कहानी नहीं है बल्कि उस अपराध के बाद पैदा होने वाले उन सवालों की पड़ताल भी है, जिनका जवाब समाज और सिस्टम दोनों के लिए आसान नहीं है . दायरा में इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश है कि इंसाफ आखिर है क्या? और कानून की हद कहां तक है ?

फिल्म की कहानी देखते हुए बार-बार हैदराबाद के उस चर्चित गैंगरेप और हत्या के मामले की याद आती है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था . 26 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी और शव को जला दिया गया था . घटना के बाद देश भर में आक्रोश था . पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और बाद में उन्हें उसी जगह ले जाकर मुठभेड़ में मार दिया गया, जहां उस लड़की की हत्या की गई थी।

उस एनकाउंटर ने देश में एक अलग तरह की बहस को जन्म दिया . एक तरफ बड़ी संख्या में लोगों ने इसे त्वरित इंसाफ़ के तौर पर देखा तो दूसरी तरफ यह बुनियादी सवाल उठा कि क्या किसी आरोपी को अदालत में मुकदमा चलाए बिना पुलिस हिरासत में मार दिया जाना कानून के राज के अनुरूप हो सकता है ? सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित सिरपुरकर आयोग की जांच ने बाद में एनकाउंटर को लेकर गंभीर सवाल उठाए और 10 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाने की सिफारिश की . हालांकि इस मामले में पुलिसकर्मियों को अब तक सजा नहीं हुई है।

मेघना गुलज़ार ने आधिकारिक तौर पर भले यह न कहा हो कि ‘दायरा’ उसी घटना पर आधारित है लेकिन फिल्म देखते हुए उस घटना की छाया से बच पाना मुश्किल है. शायद मेघना की दिलचस्पी भी इसी में है कि वो किसी वास्तविक घटना की हूबहू पुनर्रचना कहने की बजाय उसके बहाने एक बड़े नैतिक और कानूनी सवाल को सामने रखना चाहती हैं।

‘दायरा’ की कहानी एक जघन्य अपराध की जांच से शुरू होती है और धीरे-धीरे पुलिस, आरोपी, पीड़ित और पूरी न्याय व्यवस्था के बीच मौजूद उन परतों को खोलती है, जहां सच हमेशा उतना सीधा नहीं होता, जितना पहली नजर में दिखाई देता है. गैंगरेप और जघन्य हत्या को लेकर स्वाभाविक गुस्सा है, पीड़ित के लिए न्याय की बेचैनी है लेकिन उसके साथ ही पुलिस की कार्रवाई और तथाकथित त्वरित न्याय पर गंभीर सवाल भी हैं।

फिल्म की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मेघना गुलज़ार दर्शक को कोई आसान नैतिक फैसला नहीं देतीं. वह न तो अपराध की भयावहता को कम करती हैं और न ही ‘तुरंत न्याय’ की लोकप्रिय धारणा को बिना सवाल स्वीकार करती हैं. इसके बजाय वह दर्शक को उस असहज जगह पर खड़ा कर देती हैं, जहां भावनाओं और कानून के बीच टकराव शुरू होता है. यहां मेघना का निर्देशन खास तौर पर ध्यान खींचता है . ‘दायरा’ कोर्टरूम ड्रामा कम और जांच, संस्थागत सोच और कानून बनाम त्वरित न्याय के तनाव पर बनी फिल्म ज्यादा है . कहानी को जिस तरह धीरे-धीरे खोला गया है, उसमें निर्देशक का संयम दिखाई देता है . फिल्म कई जगह आपको जवाब देने के बजाय सवालों के साथ छोड़ती है और यही उसकी ताकत भी है।

करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन अपने-अपने किरदारों में पर्याप्त गहराई लेकर आते हैं . खासकर दोनों के बीच मौजूद वैचारिक और पेशेवर टकराव फिल्म को बांधता भी और सोचने को मजबूर भी करता है. अभिनय यहां सिर्फ संवाद बोलने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि किरदारों की सोच और उनके भीतर चल रहे द्वंद्व को सामने लाने का माध्यम बनता है।

फिल्म की सबसे बड़ी खूबी शायद यही है कि इसका असर आखिरी दृश्य के साथ खत्म नहीं होता। पर्दे से निकलने के बाद भी एक सवाल आपके साथ चलता रहता है कि अगर कानून पर भरोसा कम होने लगे, तो क्या इंसाफ के नाम पर कानून को ही किनारे किया जा सकता है? और उससे भी बड़ा सवाल कि क्या किसी भयावह अपराध के जवाब में मिली तत्काल सजा को न्याय कहा जा सकता है , अगर उसके लिए न्याय की स्थापित प्रक्रिया को ही दरकिनार कर दिया गया हो?

मेघना गुलज़ार की ये फिल्म आपको रोमांचित करने से ज्यादा असहज करती है और शायद इस विषय पर बनी फिल्म के लिए यही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है . ‘दायरा’ खत्म होती है लेकिन उसके सवाल खत्म नहीं होते हैं . यही इस फिल्म की असली ताकत है।

https://x.com/ajitanjum/status/2100253793984409818

Shikha Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Shikha Tiwari

Entertainment Desk Mail ID - iamshikha712@gmail.comiamshikha712@gmail.com

मनोरंजन की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनानी है, इसलिए मैं हमेशा नई-नई स्किल सीखने और अपने काम को बेहतर बनाने में लगी रहती हूँ।

Next Story