TRENDING TAGS :
दुनिया को मिल गया उसका नया जेम्स बॉन्ड! पांच साल बाद लौटेगा मशहूर जासूस, रॉबर्ट पैटिनसन निभाएंगे 007 का किरदार
हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट पैटिनसन को नया जेम्स बॉन्ड घोषित किया गया है। वह इस मशहूर किरदार को निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे।
James Bond 007: हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट पैटिनसन के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ‘द बैटमैन’ में अपने दमदार अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने वाले रॉबर्ट अब दुनिया के सबसे मशहूर जासूस जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाने जा रहे हैं। सोमवार को उन्हें नए जेम्स बॉन्ड के रूप में पेश किया गया। इस ऐलान के साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।
रॉबर्ट पैटिनसन इस आइकॉनिक किरदार को निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे। खास बात यह है कि Amazon MGM के इस फ्रेंचाइजी की कमान संभालने के बाद रॉबर्ट पहले जेम्स बॉन्ड बने हैं। उनके नाम की घोषणा के बाद से ही हॉलीवुड और जेम्स बॉन्ड के फैंस के बीच इस नई कास्टिंग को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जेम्स बॉन्ड बनना रॉबर्ट के लिए सपने से भी बढ़कर
जेम्स बॉन्ड का किरदार मिलने पर रॉबर्ट पैटिनसन ने अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 007 बनने की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। रॉबर्ट के मुताबिक, जेम्स बॉन्ड सिनेमा के सबसे शानदार और यादगार किरदारों में शामिल हैं। ऐसे प्रतिष्ठित रोल को निभाने का मौका मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं है।
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, रॉबर्ट ने अपने बयान में कहा, 'जेम्स बॉन्ड सिनेमा के सबसे अहम किरदारों में से एक हैं और 007 की जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान है। यह कहना भी कम होगा कि यह मेरे सपने के सच होने जैसा है। मैं इस टीम के साथ आगे काम करने को लेकर काफी एक्साइटेड हूं।'
पांच साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेंगे 007
जेम्स बॉन्ड की अगली फिल्म का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। साल 2021 में रिलीज हुई ‘नो टाइम टू डाई’ के बाद से इस फ्रेंचाइजी की कोई नई फिल्म बड़े पर्दे पर नहीं आई है। इस फिल्म में डेनियल क्रेग आखिरी बार 007 के किरदार में नजर आए थे।
फिल्म के आखिर में जेम्स बॉन्ड की मौत दिखाए जाने के बाद दर्शकों के मन में कई सवाल थे। सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या इस मशहूर जासूस की कहानी यहीं खत्म हो जाएगी या फिर कोई नया अभिनेता इस किरदार को आगे बढ़ाएगा। अब फ्रेंचाइजी की 26वीं फिल्म के साथ जेम्स बॉन्ड की वापसी होने जा रही है। इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी मशहूर फिल्ममेकर डेनिस विलेन्यूव संभालेंगे।
इन सितारों के नाम भी थे चर्चा में
नए जेम्स बॉन्ड की तलाश के दौरान हॉलीवुड के कई सितारों के नाम सामने आए थे। रॉबर्ट पैटिनसन का नाम इस चर्चा में कुछ समय पहले ही शामिल हुआ था। यह भी कहा जा रहा था कि उन्होंने इस किरदार के लिए स्क्रीन टेस्ट दिया था।
उनके अलावा कैलम टर्नर, जोश ओ’कॉनर, जैक लोडेन और निकोलस हॉल्ट जैसे अभिनेताओं के नाम भी इस रेस में बताए जा रहे थे। हालांकि, अब रॉबर्ट पैटिनसन के नाम पर मुहर लग गई है। 40 साल के रॉबर्ट पहले से ही हॉलीवुड के जाने-माने सितारों में शामिल हैं और अब जेम्स बॉन्ड बनकर उनके करियर में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।


