TRENDING TAGS :
The Revolutionaries Trailer: क्रांतिकारियों में विश्वास और साहस आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती है
The Revolutionaries Trailer Review चार साहसी नायक, एक लक्ष्य, आज़ाद भारत: प्राइम वीडियो ने जारी किया द रिवोल्यूशनरीज का जोश और रोमांच से भरपूर ट्रेलर
The Revolutionaries Trailer Review (Image Credit- Social Media)
The Revolutionaries Trailer: एक्सक्लूसिव ओरिजिनल्स के लिए भारत की सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग सर्विस, प्राइम वीडियो ने आज अपनी बहुप्रतीक्षित हिंदी ओरिजिनल सीरीज़ 'द रिवोल्यूशनरीज़' का ट्रेलर जारी किया। इससे दर्शकों को रोमांच और जोश से भरपूर इस सीरीज़ की दुनिया की पहली झलक मिली। सच्ची घटनाओं से प्रेरित और भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित यह ऐतिहासिक ड्रामा प्रसिद्ध फिल्ममेकर निखिल आडवाणी द्वारा निर्देशित और सीरीज़ के रूप में निर्मित किया गया है। इसका निर्माण मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है।
द रिवोल्यूशनरीज ट्रेलर रिव्यू (The Revolutionaries Trailer Review)-
यह सीरीज़ संजीव सान्याल की चर्चित किताब ‘रिवोल्यूशनरीज: द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रीडम’ पर आधारित है। सीरीज़ की पटकथा संयुक्ता चावला शेख, अक्षिता वधवाना, शोभित नारंग और रुत्वी मेहता ने लिखी है। ‘द रिवोल्यूशनरीज’ में कलाकारों की शानदार टीम है। इसमें भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरज़ादा मुख्य भूमिकाओं में हैं, वहीं जेसन शाह, पाओली डैम और टोटा रॉय चौधरी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
द रिवोल्यूशनरीज का प्रीमियर 11 सितंबर को विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज़ भारत में हिंदी में उपलब्ध होगी और इसके तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और बंगाली में डब संस्करण भी होंगे। साथ ही, अंग्रेज़ी और कई अन्य अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में सबटाइटल उपलब्ध होंगे। इसे भारत के साथ-साथ दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में देखा जा सकेगा।
https://www.instagram.com/reel/DcgI7kokpc7/?igsi=MWN6cGtpOTY0cmJsNw==
ट्रेलर चार क्रांतिकारियों रास बिहारी बोस (भुवन बाम), सचिंद्र नाथ सान्याल (रोहित सराफ), प्रतिभा लाहिड़ी (प्रतिभा रांटा) और बाघा जतिन (गुरफतेह पीरज़ादा)—को पेश करता है। ये सभी ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह छेड़ते हैं, जबकि खतरनाक जनरल डायर (जेसन शाह) हर कदम पर उनका पीछा करता नजर आता है। भव्य दृश्य और ज़बरदस्त एक्शन सीन उस दौर को जीवंत कर देते हैं और एक साम्राज्य की ताकत के खिलाफ आकार ले रहे विद्रोह के व्यापक स्तर को दर्शाते हैं। इस सीरीज़ के केंद्र में युवाओं, दोस्ती, दृढ़ विश्वास और बलिदान की कहानी है—चार युवा भारतीय एक आज़ाद देश के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा देते हैं, जिसे शायद वे अपनी आंखों से कभी आज़ाद होते हुए न देख पाएं।
रास बिहारी बोस की भूमिका निभाने वाले भुवन बाम ने कहा, “द रिवोल्यूशनरीज को लेकर मुझे सबसे ज्यादा उत्साहित करने वाली बात यह थी कि यह स्वतंत्रता सेनानियों पर बनी कोई पारंपरिक कहानी नहीं है। यह चार युवा नायकों की कहानी है, जो अपने विश्वासों के लिए लड़ते हैं, साथ ही आपसी मतभेदों और खून के रिश्ते जैसे भाईचारे से भी गुज़रते हैं। रास बिहारी एक ‘बहरूपिया’ थे, जो भेष बदलने में माहिर थे और ब्रिटिश कैंपों में गुप्त रूप से घुस जाते थे। उनके बारे में ऐतिहासिक दस्तावेज़ बहुत कम उपलब्ध हैं, इसलिए मुझे अपनी कल्पना और सहज समझ के आधार पर उनके किरदार को गढ़ने की पूरी आज़ादी मिली। निखिल सर की स्पष्ट सोच और दृढ़ विश्वास ने मुझे इस रहस्यमयी किरदार को गहराई से समझने और तलाशने का आत्मविश्वास दिया। इस शो को बनाने के लिए बेहतरीन कलाकारों और क्रू ने एक साथ काम किया है और मैं प्राइम वीडियो का आभारी हूं कि उसने इन अनकही कहानियों को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर दिया।”
सचिंद्र नाथ सान्याल की भूमिका निभाने वाले रोहित सराफ ने कहा, “सचिंद्र नाथ का किरदार निभाने ने मुझे एक ऐसी दुनिया में कदम रखने का मौका दिया, जो मेरे लिए शारीरिक और भावनात्मक, दोनों ही स्तरों पर बिल्कुल नई थी। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के एक वास्तविक नायक का किरदार निभाना मेरे लिए सम्मान की बात है, लेकिन उनकी मासूमियत और अपने विचारों के प्रति अटूट विश्वास ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया। यही खूबियां उन्हें आज के दौर में भी बेहद प्रासंगिक और लोगों से जुड़ा हुआ बनाती हैं। इस भूमिका के लिए मुझे कड़ी ट्रेनिंग से गुजरना पड़ा, जिसने मुझे अपनी सीमाओं से कहीं आगे जाकर खुद को चुनौती देने का मौका दिया। निखिल आडवाणी और द रिवोल्यूशनरीज की पूरी टीम के साथ काम करना किसी सपने के सच होने जैसा रहा है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक मेरे किरदार और इस सीरीज़ के जरिए सामने आने वाली इन भावुक और अनकही कहानियों से जुड़ पाएंगे।”
प्रतिभा लाहिड़ी की भूमिका निभाने वाली प्रतिभा रांटा ने कहा, “प्रतिभा लाहिड़ी एक युवा और प्रगतिशील महिला है, जो पुरुषों द्वारा बनाए गए समाज में अपनी बात सुने जाने के लिए संघर्ष कर रही है। उसका यह संघर्ष आज भी उतना ही प्रासंगिक लगता है। यही बात मुझे उसके किरदार की ओर आकर्षित करती है। निखिल सर, लेखकों और मैंने मिलकर इस किरदार को आकार दिया है और शुरू से ही हमारा उद्देश्य उसे एक असाधारण नायिका के बजाय सहज और मानवीय बनाए रखना था। वह क्रांति में शामिल होने के साथ-साथ अपनी बात रखने का साहस भी जुटा रही है। मुझे उम्मीद है कि प्राइम वीडियो पर दर्शक इन क्रांतिकारियों और उनके सफर से जुड़ पाएंगे।”
बाघा जतिन की भूमिका निभाने वाले गुरफतेह पीरज़ादा ने कहा,“द रिवोल्यूशनरीज का हिस्सा बनने के बाद मुझे अपने इतिहास के उस अध्याय को जानने का मौका मिला, जिसके बारे में मुझे बहुत कम जानकारी थी। बाघा जतिन के किरदार की शांत ताकत, संयमित आक्रामकता और उनके हर शब्द में छिपी गंभीरता ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी। निखिल सर की सोच पहले दिन से बिल्कुल स्पष्ट थी इसे युवा, तेज़-तर्रार और एक्शन से भरपूर होना चाहिए, न कि किसी आम ऐतिहासिक ड्रामा जैसा; और यह मेरे अब तक के सभी कामों से बिल्कुल अलग होना चाहिए। कहानी को सिनेमाई प्रभाव के लिए नए अंदाज़ में पेश किया गया है, लेकिन इन क्रांतिकारियों का दृढ़ विश्वास और साहस आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। मुझे उम्मीद है कि यह सीरीज़ न केवल दर्शकों का मनोरंजन करेगी, बल्कि प्राइम वीडियो पर इसके प्रीमियर के बाद उन्हें इन कम चर्चित नायकों के बारे में और जानने के लिए भी प्रेरित करेगी।”


