TRENDING TAGS :
पार्किंग को लेकर खूनी खेल! सिंगापुर से आया था घर, पूर्व Tech Mahindra अधिकारी को 7 गोलियों से भूना, हुई मौत
पार्किंग को लेकर खूनी खेल! सिंगापुर से आया था घर, पड़ोसी ने 7 गोलियों से भूना...See More
Faridabad Murder Case: हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया। सेक्टर-21C में एक व्यक्ति की उसके ही पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 42 वर्षीय परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पहले Tech Mahindra में बिजनेस हेड रह चुके थे और फिलहाल सिंगापुर की एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे। वह 5 नवंबर को अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए भारत आए थे, लेकिन घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद उनकी जिंदगी खत्म हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने परमजीत पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। इनमें से सात गोलियां उन्हें लगीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जिम से लौटे थे परमजीत, कार हटाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने पड़ोसी मोनू शर्मा से कार हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि आरोपी इसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रहता था। उसने परमजीत पर करीब 15 राउंड फायर किए, जिनमें सात गोलियां उन्हें लगीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पार्किंग जैसी छोटी सी बात पर हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस
इस मामले में परमजीत के बेटे शौर्य धनखड़ की शिकायत पर पुलिस ने मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सूरजकुंड थाने के एसएचओ प्रहलाद सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। परमजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अमृतसर में भी पार्किंग विवाद में गई युवक की जान
पार्किंग को लेकर हिंसक विवाद का एक और मामला पंजाब के अमृतसर से सामने आया है। यहां 28 वर्षीय मार्केटिंग प्रोफेशनल अमित सभरवाल की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार रात आनंद एवेन्यू इलाके में चब्बाल रोड के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी कार का हॉर्न बजाकर सड़क पर खड़ी एक्टिवा स्कूटी हटाने के लिए कह रहा था। इसी बात पर अमित और आरोपी के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अमित को बेहद करीब से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज
अमृतसर की इस घटना के बाद पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। फरीदाबाद में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अमृतसर में आरोपी की तलाश और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर दिखाया है कि सड़क पर गाड़ी या स्कूटर खड़ा करने जैसी बात भी गंभीर हिंसक विवाद का रूप ले सकती है।


