TRENDING TAGS :
झोपड़ी में बच्चे को दबोचकर बैठा था कुत्ता, 6 साल के मासूम की चीख सुन दौड़े लोग
Faridabad Dog Attack: फरीदाबाद में घर से खेलने निकले 6 साल के मासूम के साथ ऐसा खौफनाक हादसा हुआ कि आसपास के लोगों की भी चीख निकल गई। आखिर बच्चे के साथ क्या हुआ?
फोटो-सोशल मीडिया
Faridabad Dog Attack: हरियाणा के फरीदाबाद में आवारा कुत्ते के हमले से छह साल का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। एनआईटी नंबर-1 इलाके में एक स्ट्रीट डॉग ने बच्चे को बुरी तरह नोच डाला। घटना के दौरान बच्चा कुत्ते के चंगुल में फंसा रहा। आसपास के लोगों ने किसी तरह डंडों से कुत्ते को भगाकर बच्चे की जान बचाई। हमले में बच्चे के होंठ के पास गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उपचार के बाद बच्चे को छुट्टी दे दी।
बड़े भाई के साथ खेलने निकला था बच्चा
जानकारी के मुताबिक, सोनिया चौक के पास रहने वाली अनीता का छह वर्षीय बेटा निखिल सुबह करीब 10 बजे अपने बड़े भाई के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद उसका बड़ा बेटा घर लौट आया, लेकिन निखिल वापस नहीं आया। इसके बाद मां ने अपनी बेटी को उसे तलाशने के लिए भेजा। काफी देर तक उसका पता नहीं चलने पर परिवार ने सोचा कि वह खेलकर घर लौट आएगा।
झोपड़ी में बच्चे को कुत्ते के चंगुल में देखा
स्थानीय निवासी बिट्टू बजरंगी ने बताया कि वह किसी काम से वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें लकड़ी की एक झोपड़ी से बच्चे के रोने जैसी आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो एक कुत्ते ने बच्चे को पकड़ रखा था। बच्चा जमीन पर मुंह के बल लेटा हुआ था और उसके कपड़े भी फटे हुए थे।
उन्होंने बताया कि आवाज लगाने पर बच्चा कुछ बोल नहीं पा रहा था। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से कुत्ते को डंडों से भगाया गया और बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया गया।
घायल निखिल को तुरंत बादशाह खान नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच और उपचार के दौरान उसके होंठ के पास हुए गहरे घाव पर सात टांके लगाए। इलाज के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद से इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर चिंता बनी हुई है।


