TRENDING TAGS :
नूंह में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने एक ही परिवार के 4 लोगों को कुचला
Haryana Accident News: हरियाणा के नूंह में भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है।
social media image
Haryana Accident News: हरियाणा के नूंह में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा नूंह-तावडू रोड पर मारिया मंजिल स्कूल के पास रात करीब 11 बजे हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, साकिर पाडला में रहता था और तावडू के एक मदरसे में बच्चों को उर्दू पढ़ाता था। मंगलवार रात वह अपनी पत्नी नसरीम, डेढ़ महीने की बेटी जहरा, ढाई साल की बेटी सजरा और पांच साल की साली गजाला के साथ रिश्तेदारी में जा रहा था। परिवार के सभी पांच लोग एक ही बाइक पर सवार थे।
मारिया मंजिल स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन बच्चियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नसरीम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल महिला पास ही के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई हादसे की भयावह तस्वीर
पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हादसे का करीब 44 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार ट्रक बाइक को टक्कर मारता दिखाई दे रहा है। टक्कर के बाद साकिर कई मीटर तक ट्रक के साथ घिसटता हुआ चला गया, जबकि उसकी पत्नी सड़क पर गिर गईं और तीनों बच्चियां ट्रक के नीचे आ गईं।
हादसे के बाद मौके पर सड़क पर शवों के अवशेष बिखर गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है।
तेज आवाज सुनकर मौके पर जुटे लोग
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक ट्रक चालक के टक्कर मारकर भागने की बात कहते हुए सुनाई दे रहा है। वह लोगों से ट्रक का पीछा करने के लिए भी कह रहा है। लोगों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक ट्रक को रास्ते में छोड़कर फरार हो चुका था।
मेडिकल कॉलेज में हुआ पोस्टमार्टम
पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज (शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नूंह, हरियाणा) के शवगृह में भिजवाए। बुधवार को चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है।
वहीं सिटी नूंह थाना प्रभारी अजित सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात सड़क हादसे में तीन बच्चियों समेत चार बाइक सवारों की मौत हुई है, जबकि एक महिला घायल हुई है और उसका उपचार चल रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।


