TRENDING TAGS :
Chhatarpur News: बारिश में झरना बना सरकारी स्कूल, क्लासरूम की छत से बहने लगा पानी, बच्चों के जूते-चप्पल भी बहे
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर के राजनगर क्षेत्र में बारिश के दौरान सरकारी प्राथमिक स्कूल की छत से तेज़ी से पानी बहने लगा। क्लासरूम झरने में बदल गया और बच्चों के जूते-चप्पल तक बह गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
Chhatarpur News (Image Credit-Newstrack)
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के बीच राजनगर तहसील (Rajnagar Tehsil) के ग्राम गंज (Ganj Village) स्थित प्राथमिक शाला (Primary School) की छत से अचानक तेज रफ्तार में पानी टपकने लगा। देखते ही देखते पूरा क्लासरूम (Classroom) किसी झरने जैसा नजर आने लगा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों की पोल खोल दी है।
पानी का बहाव इतना तेज कि बह गए बच्चों के जूते-चप्पल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत से गिर रहे पानी का बहाव इतना तेज था कि बच्चों के जूते-चप्पल भी पानी में बह गए। स्थिति को देखते हुए शिक्षक और स्कूल स्टाफ (School Staff) ने तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित क्लासरूम से बाहर निकाला। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए स्कूल की छुट्टी घोषित कर दी गई और सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी छात्र या शिक्षक के घायल होने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है, लेकिन उसकी मरम्मत को लेकर कभी गंभीरता नहीं दिखाई गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते स्कूल भवन की मरम्मत करा दी जाती तो बच्चों की जान इस तरह जोखिम में नहीं पड़ती। उनका कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही की वजह से बच्चों को असुरक्षित भवन में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग पर उठे सवाल
सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हुए वीडियो के बाद शिक्षा विभाग (Education Department) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित भवन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाएं कभी भी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती हैं।
नए भवन की उठी मांग
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल भवन का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और उसकी मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि यदि भवन पूरी तरह जर्जर है तो बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जाना चाहिए।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और स्कूलों की जर्जर इमारतों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।


