TRENDING TAGS :
काशी पहुंचे सीएम योगी, सोमनाथ संकल्प महोत्सव में होंगे शामिल, यूपी की राजनीति में हलचल
CM Yogi Varanasi Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल वाराणसी पहुंचे। काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन और सोमनाथ संकल्प महोत्सव में शामिल होंगे। वहीं राहुल गांधी मानहानि केस, बीजेपी बैठक और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी यूपी की राजनीति गरमाई हुई है।
CM Yogi Varanasi Visit: 11 मई का दिन उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल वाराणसी पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।
सीएम योगी पुलिस लाइन हेलिपैड पर पहुंचे, जहां से उनका काफिला सीधे श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। मुख्यमंत्री और राज्यपाल दोनों काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही सोमनाथ मंदिर से लाए गए पवित्र जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक भी किया जाएगा।
सोमनाथ संकल्प महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में आयोजित सोमनाथ संकल्प महोत्सव कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान “सोमनाथ संकल्प” का वाचन भी करेंगे।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी पूरे कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहेंगी। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इस आयोजन को लेकर काशी में खास उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
वाराणसी से सीधे गाजियाबाद जाएंगे सीएम योगी
वाराणसी दौरे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अगला कार्यक्रम गाजियाबाद में तय है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर करीब एक बजे वाराणसी से गाजियाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे।
सीएम के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग को पहले से अलर्ट पर रखा गया है। काशी विश्वनाथ धाम के आसपास सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
राहुल गांधी मानहानि मामले में आज सुनवाई
इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में भी आज सुनवाई होनी है। इस मामले पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं और दिनभर इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
बीजेपी की बड़ी बैठक आज और कल
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी संगठनात्मक बैठक भी आज और कल आयोजित की जा रही है। इस बैठक में सभी जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। बैठक को लेकर बीजेपी संगठन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता भी इसमें शामिल होंगे।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों के बंटवारे पर नजर
योगी सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और मनोज कुमार पांडेय को महत्वपूर्ण विभाग मिलने तय माने जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं और माना जा रहा है कि जल्द ही विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया जा सकता है।


