एशियन गेम्स पैरा मेडलिस्ट से मिले PM मोदी, कहा- 14 से 114 मेडल तक पहुंचना आपकी मेहनत का नतीजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एशियन गेम्स में मेडल जीतकर भारत का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के संघर्ष और जज्बे की काफी तारीफ की।

Sawan Gupta
Published on: 5 Nov 2026 8:09 PM IST (Updated on: 5 Nov 2026 8:18 PM IST)
Asian Para Games Medalist
X

Image Source - Social Media

Asian Para Games Medalist : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में एशियन पैरा गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान सभी खिलाड़ियों के संघर्ष और जज्बे की काफी तारीफ की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2010 के पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ी सिर्फ 14 मेडल ही जीत पाए थे लेकिन इस बार हुए पैरा एशियन गेम्स में उन्होंने इतिहास रच दिया और कुल 114 मेडल अपने नाम किए। 14 से 114 मेडल तक पहुंचना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है।

पैरा एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में गुरुवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी शामिल हुए । इस दौरान पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके प्रदर्शन को सराहा।

“आपकी उपलब्धियों पर हर भारतीय को गर्व है”

प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा “साल 2010 में हुए पैरा एशियन गेम्स में भारत ने मात्र एक गोल्ड मेडल जीता था और ओवरऑल कुल 14 मेडल ही भारतीय खिलाड़ी जीत सकते थे। हालांकि इस बार 114 मेडल भारत के खाते में आए। 14 से 114 पदक तक की यह यात्रा आपकी कड़ी मेहनत का नतीजा है। पहले माता-पिता अपने बच्चों को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने से डरते थे। लोगों का कहना था कि इस व्यवस्था में कुछ नहीं हो सकता, जो प्रतिभाओं का साथ नहीं देती. लेकिन जिस तरह आपने हार नहीं मानी, उसी तरह हमने भी अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखा। आपका संघर्ष और आपकी उपलब्धियां हर भारतीय को प्रेरित करती हैं।“

PM मोदी ने ‘मेड इन इंडिया’ खेल-कूद के सामानों पर दिया जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने Sports Goods Manufacturing Scheme को मंजूरी दी है। | उन्होंने कहा कि अब समय है, हमारी Sports Goods Manufacturing Industry भी नए कमाल करे। जब कोई भारतीय या विदेशी खिलाड़ी किसी मैदान पर उतरे तो, उसके स्पोर्ट्स गियर भी मेड इन इंडिया हों और उसके कपड़े-जूते भी ‘Made in India’ हों।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम जिन खेलों में पहले काफी पीछे थे, अब उनमें भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा “तीरंदाजी, एथलेटिक्स, शूटिंग, स्विमिंग, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो और पावरलिफ्टिंग जैसे कई खेलों में हम नई प्रतिभाओं को तलाश रहे हैं और नए चैम्पियन सामने आ रहे हैं।

पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा था भारत

एशियन पैरा गेम्स का आयोजन इस साल जापान के आइची-नागोया में हुआ था। भारत की तरफ से कुल 97 पैरा एथलीटों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 61 खिलाड़ी पहली बार इस पैरा एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे थे। इसके बावजूद भारत ने 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल के साथ अपने अभियान का समापन किया था। यह भारत का पैरा एशियन गेम्स के इतिहास में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। यह प्रदर्शन चीन के हांगझोऊ में 2023 में हुए खेलों में जीते गए 108 पदकों (जिसमें 27 गोल्ड शामिल थे) के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर है। भारत इस बार के पैरा एशियन गेम्स में पदक तालिका में चौथे पायदान पर रहा था। चीन 207 गोल्ड मेडल समेत कुल 435 पदकों के साथ पहले नंबर पर रहा।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story