×

Weather Update: तेज सर्द हवाओं से गिरेगा तापमान, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कई इलाकों में होगी बारिश और बर्फबारी

Weather Update Today 14 February 2023: उत्तर पश्चिम भारत के विभिन्न हिस्सों में चल रही तेज हवाओं का असर आज भी बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Published on: 14 Feb 2023 3:42 AM GMT
Weather Update in India
X

Weather Update in India (Photo: Social Media)

Weather Update Today 14 February 2023: उत्तर पश्चिम भारत के विभिन्न हिस्सों में चल रही तेज हवाओं का असर आज भी बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब,दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आज भी 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस कारण तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के आज रात पश्चिमी हिमालय के इलाके को प्रभावित करने की संभावना है। इस विक्षोभ का बड़ा असर दिखेगा। इसके कारण 14 से 17 फरवरी तक कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग की ओर से असम और सिक्किम में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन हवाओं के कारण गिरेगा तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम से आने वाली हवाओं का बड़ा असर दिखा है। इस विक्षोभ के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट होगी। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह असर ज्यादा दिनों तक नहीं दिखेगा और मंगलवार के बाद से तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हवा की गति कम होने के साथ ही तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगेगी। मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 17 फरवरी तक आसमान साफ रहने की संभावना है मगर उसके बाद 18 फरवरी को फिर आंशिक रूप से बदली हो सकती है।
जारी रहेगा तेज गति से हवाओं का दौर
मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक 15 फरवरी तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और एनसीआर एरिया और उत्तरी राजस्थान में तेज गति से हवाएं चलेंगी। दूसरी ओर पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनेगी। पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 17 फरवरी तक अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मगर उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 18 फरवरी को तापमान बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वैसे तेज गति से चलने वाली हवाओं के कारण एक फायदा जरूर हुआ है। तेज गति से हवाएं चलने और अच्छी धूप निकलने के कारण प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हुआ है।
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में ठंड
उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राजस्थान के कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ा है और न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस नीचे और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वैसे मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे के दौरान दिन और रात के तापमान में तीन से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में भी सर्द हवाओं के कारण ठंड का प्रकोप बना हुआ है। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
इन इलाकों में होगी बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों में पंजाब से बिहार तक तेज गति से उत्तर पश्चिम हवाओं का दौर जारी रहेगा। देश के उत्तर पश्चिम और मध्य भागों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के परिणाम स्वरूप 15 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story