TRENDING TAGS :
Jharkhand News: चतरा में 15 लाख की ब्राउन शुगर संग तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने चलाया बड़ा अभियान
Jharkhand News: चतरा जिले में पुलिस ने 15 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू।
Jharkhand News(Photo-Social Media)
Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का ब्राउन शुगर बरामद किया है। यह कार्रवाई इटखोरी थाना क्षेत्र के चतरा रोड स्थित भुरकुंडा जंगल मैदान में की गई। डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग के प्लास्टिक में रखा 30.31 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी के नेटवर्क में संपर्क के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के मायाडीह गांव निवासी अशोक पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इटखोरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इस अभियान में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, एएसआई राजेश राम, चालक रविकांत सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


